Weather Update: 2 दिन अंधड़-बारिश का यैलो अलर्ट, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार

punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 10:21 PM (IST)

शिमला (संतोष): राज्य में शुष्क मौसम के बाद आज से मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 29 और 30 अक्तूबर को प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने और बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, राज्य के ऊंचाई वाले जनजातीय इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 29 अक्तूबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में आंधी और बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। 30 अक्तूबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में मौसम खराब रहने की चेतावनी है। 31 अक्तूबर से 2 नवम्बर तक उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश के आसार हैं, जबकि 3 नवम्बर से मौसम साफ होने का अनुमान है।

मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में धूप खिलने से दिन सुहावना बना हुआ है, लेकिन सुबह-शाम ठंड बढ़ गई है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी माइनस 2.7 डिग्री सैल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। वहीं केलांग में माइनस 0.2 डिग्री, ताबो में 0.2 डिग्री और शिमला में 12 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पालमपुर, चम्बा, नाहन, केलांग और मंडी सहित प्रदेश के 8 शहरों में रात का तापमान सामान्य से नीचे गिर गया है। आगामी दिनों में बर्फबारी से प्रदेश भर में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News