Shimla: पैंशन मामलों में बड़ी लापरवाही आई सामने, मानव सम्पदा पोर्टल पर अधूरे रिकॉर्ड

punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 08:43 PM (IST)

शिमला (प्रीति): प्रदेश में पैंशन मामलों में बड़ी लापरवाही सामने आई है। एजी कार्यालय ने मानव सम्पदा पोर्टल के माध्यम से भेजे जा रहे पैंशन मामलों में कई तरह की कमियां पाई हैं, जिससे पैंशन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। ऐसे में वित्त विभाग ने मामले पर पत्र जारी कर सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीन कार्यरत डीडीओ को इस तरह की कमियों को दूर कर और पैंशन केस भेजने से पहले सभी रिकॉर्ड पूरी तरह सही और अपडेट करना सुनिश्चित करें। इसी कड़ी में शिक्षा विभाग ने सभी जिला उपनिदेशकों को पैंशन मामले भेजते समय दस्तावेजों को सही तरह से चैक करके अपलोड करने को कहा है।

बताया जा रहा है कि अधिकांश मामलों में डिजिटल सर्विस बुक में जरूरी विवरण नहीं भरे गए हैं, जिसमें नियुक्ति तिथि, विभाग का नाम प्रमोशन, एसीपी, ऑप्शन आदि शामिल हैं। इसके अलावा कोर्ट केस से जुड़े आदेश और दस्तावेज नहीं हैं। इस दौरान पोर्टल पर पे-वैरीफिकेशन सर्टीफिकेट भी अपलोड नहीं किए गए हैं। कई मामलों में पे-फिक्सेशन शीट भी नहीं लगाई गई है। नॉन-क्वालिफिकेशन सर्विस और लंबित जांच का विवरण नहीं है। कांट्रैक्ट/वर्क चार्जड सर्विस का सही उल्लेख नहीं है। उक्त सर्विस को नियमित सेवा के साथ नहीं जोड़ा गया है। ई-चालान और इससे संबंधित प्रमाण पत्र भी कई मामलों में अपलोड नहीं किए गए हैं।

मानव सम्पदा पोर्टल पर कर्मचारियों की ई-सर्विस बुक को पूरी तरह अपडेट करने के निर्देश
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जब तक सभी आवश्यक दस्तावेज और विवरण पूर्ण रूप से अपलोड और सत्यापित नहीं होंगे, तब तक पैंशन मामलों को एजी कार्यालय को नहीं भेजे जाएंगे। ऐसे में सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मानव सम्पदा पोर्टल पर कर्मचारियों की ई-सर्विस बुक को पूरी तरह अपडेट करें और उसके बाद ही पैंशन केस भेजें, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर पैंशन मिल सके। सरकार ने स्पष्ट किया है कि पैंशन जैसे संवेदनशील मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। डिजिटल रिकॉर्ड की सटीकता और पूर्णता सुनिश्चित करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News