Shimla: खराब मौसम के कारण नई दिल्ली-शिमला हवाई सेवा ठप्प
punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 09:49 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): खराब मौसम और बेहद कम दृश्यता के कारण एलायंस एयर की नई दिल्ली-शिमला हवाई सेवा प्रभावित हुई है। इसके अलावा विभिन्न रूटों पर हैलीकाप्टर सेवाएं भी ठप्प पड़ी हैं। हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। इस बीच शिमला एयरपोर्ट के आसपास धुंध छाए रहने के कारण नई दिल्ली-शिमला के बीच हवाई सेवा प्रभावित हुई है। यदि मौसम में सुधार हुआ, तो 12 अगस्त से दिल्ली-शिमला उड़ान सेवा के पुनः संचालित होने की उम्मीद है। मौसम विभाग और विमानन अधिकारियों के अनुसार पहाड़ी इलाकों में अचानक बदलते मौसम का सबसे सीधा असर हवाई संचालन पर पड़ रहा है।
संजौली हैलीपोर्ट से हैलीकाप्टर सेवाओं के साथ-साथ भुंतर हवाई अड्डे के लिए भी उड़ानें सुरक्षा कारणों से फिलहाल रोक दी गई हैं। दिल्ली-शिमला-धर्मशाला मार्ग पर हवाई सेवाएं पुनः संचालित होना पूरी तरीके से मौसम की मिजाज पर निर्भर करता है। जानकारी के अनुसार 12 अगस्त से शैड्यूल फिर से शुरू करने की योजना है, लेकिन अंतिम निर्णय एयरपोर्ट पर उपलब्ध रनवे विजिबिलिटी और वास्तविक मौसम की स्थिति पर ही निर्भर करेगा। यहां बता दें कि हवाई सेवाओं के सुरक्षित संचालन में कम से कम 5 किलोमीटर की दृश्यता अनिवार्य है। इसके अलावा हैलीकाप्टर संचालन के लिए न्यूनतम दृश्यता 1500 मीटर की आवश्यक होती है।

