Shimla: जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत हिमाचल को 261 करोड़ मंजूर : अग्निहोत्री
punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 11:01 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश को 261 करोड़ रुपए स्वीकृत होने सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। इसमें 258 करोड़ रुपए का मुख्य बजट और 3.16 करोड़ रुपए की टोकन मदर सैंक्शन भी शामिल हैं। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट पर इस जानकारी को सांझा किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केंद्र सरकार के साथ हमारे निरंतर समन्वय और प्रभावी प्रयासों का परिणाम है, जिससे प्रदेश में रुके पड़े कार्यों एवं भुगतान का रास्ता प्रशस्त होगा।
उन्होंने इस राशि को जारी करने के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल का भी आभार जताया है। उल्लेखनीय है कि विधानसभा बजट सत्र के दौरान भी यह मामला उठा था, जिसमें उपमुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया था कि राज्य सरकार इस विषय को निरंतर केंद्र सरकार से उठा रही थी। राज्य सरकार के इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप यह राशि मंजूर हुई है, जिसमें लंबित पड़े कार्यों को पूरा करने में सफलता मिलेगी।

