Kangra: गौशाला में लगी भीषण आग, 850 क्विंटल तूड़ी जलराख; 10 लाख रुपए का नुक्सान

punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 06:05 PM (IST)

नगरोटा सूरियां (नंदपुरी): कांगड़ा जिले के उपमंडल ज्वाली के अंतर्गत ग्राम पंचायत हार में स्थित श्री मणिमहेश सेवादल द्वारा संचालित गौशाला में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से लाखों रुपए का नुक्सान हो गया। आग की चपेट में आने से मवेशियों के लिए रखा गया करीब 850 क्विंटल भूसा (तूड़ी) जलकर पूरी तरह राख हो गया।

जानकारी के अनुसार गौशाला के शैड में मवेशियों के चारे के लिए करीब 9 ट्रक तूड़ी डंप करके रखी गई थी, जिसमें गुरुवार सुबह अचानक आग लग गई। जब गौशाला के कर्मचारियों ने शैड से धुआं निकलते देखा, तो वे तुरंत सतर्क हो गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। वहीं घटना की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग ज्वाली को दी गई।

PunjabKesari

उधर, आग लगने की खबर मिलते ही श्री मणिमहेश सेवादल गौशाला के सदस्य मनजीत कौंडल, अनिल छांगू, योगेश चौधरी, रामनाथ शर्मा, पवन जट्ट, कर्म सिंह, रोहित, अवतार सिंह और फार्मासिस्ट डॉ. कुलविंदर समेत अन्य कर्मचारियों तुरंत मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने आग पर काबू पाने के लिए हरसंभव प्रयास किया। सभी ने अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी मशीन की मदद से जलती हुई तूड़ी को बाहर निकालने की कोशिश की, ताकि आग को फैलने से रोका जा सके। इस दौरान अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई, लेकिन तब तक अधिकांश भूसा जलकर राख हो चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम ज्वाली नरेंद्र जरियाल ने गौशाला का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। नुक्सान का निरीक्षण करने के बाद एसडीएम ने बताया कि शैड में करीब 9 ट्रक तूड़ी डंप की गई थी, जो पूरी तरह जल गई है। शुरुआती आकलन के अनुसार इस भीषण अग्निकांड में लगभग 10 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News