Kangra: कृषि विश्वविद्यालय का 17वां दीक्षांत समारोह, 638 को प्रदान कीं उपाधियां

punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 07:39 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर का 17वां दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार के कृषि सचिव सी.पालरासु ने मुख्यातिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में कुलपति डॉ. एके पांडा, कुलसचिव डॉ. मधु चौधरी तथा अधिष्ठाता स्नातकोत्तर अध्ययन डॉ. जीडी शर्मा सहित अनेक गण्यमान्य अतिथि, प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। दीक्षांत समारोह में 1 सितम्बर 2018 से 31 अगस्त 2023 तक उत्तीर्ण हुए स्नातकोत्तर तथा डॉक्टरेट के विद्यार्थियों को डिग्रियां और गोल्ड मैडल प्रदान किए गए।

638 उपाधियां प्रदान की गईं
दीक्षांत समारोह के दौरान कुल 638 उपाधियां प्रदान की गईं, जिनमें 504 एम.एससी. तथा 134 पीएच.डी. उपाधियां सम्मिलित हैं। इनमें से 257 विद्यार्थी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहे, जिनमें 193 एम.एससी. एवं 64 पीएच.डी. शोधार्थी शामिल थे। मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए 9 स्वर्ण पदक भी प्रदान किए गए।

राष्ट्रपति ने भेजा संदेश
इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संदेश कुलपति डॉ. एके पांडा द्वारा वाचन किया गया, जिसमें उन्होंने उत्तीर्ण विद्यार्थियों को अपनी शुभकामनाएं एवं प्रेरणादायक संदेश दिया। विदित रहे कि दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भाग लेना था परंतु मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल न होने के कारण बुधवार को ही उनका दौरा रद्द कर दिया गया था, जिस कारण उपाधि अर्जित करने वाले मायूस भी थे। हिमाचल के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने वर्चुअल माध्यम से अपने आशीर्वचन देते हुए विद्यार्थियों को समर्पण एवं निष्ठा के साथ समाज सेवा के लिए प्रेरित किया।

ये रहे स्वर्ण पदक विजेता
डॉक्टरेट स्तर के स्वर्ण पदक विजेताओं में प्रवेश कुमार (2015-18), गौरव (2016–19), शिल्पा (2018-21) एवं नवनीत कौर (2019-22)शामिल रहे। वहीं स्नातकोत्तर स्तर के स्वर्ण पदक विजेताओं में अंजलि ठाकुर (2017-19), राहुल शर्मा (2018-20), शिवानी भदवाल (2019-21), नेहा राणा (2020-22) एवं आशीष शर्मा (2021-23) प्रमुख रहे, जिन्होंने विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन किया।

ये रहे उपस्थित
समारोह में पद्मश्री डॉ. पीएल गौतम तथा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपतियों डॉ. एसके शर्मा, डॉ. केके कटोच, डॉ. एके सरियाल एवं डॉ. डीके वत्स सहित अन्य विशिष्ट गण्यमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त डॉ. यशवंत सिंह परमार उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय सोलन के कुलपति डॉ. राजेश्वर सिंह चंदेल तथा केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के कुलसचिव डॉ. एनके सांख्यान भी समारोह में उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। विश्वविद्यालय के प्रबंध मंडल, सीनेट के सदस्य एवं विभागाध्यक्षों ने कुलसचिव के नेतृत्व में शैक्षणिक शोभायात्रा में भाग लिया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News