Shimla: स्नातकोत्तर कोर्सिज की परीक्षाओं में बैठने के लिए फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू
punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 11:13 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने विभिन्न स्नातकोत्तर स्तर के कोर्सिज की परीक्षाओं मेें बैठने के लिए परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्नातकोत्तर डिग्री/डिप्लोमा कोर्सिज, एड ऑन कोर्सिज, के अलावा एलएल.बी., एमटीटीएम, बीएचएम आदि द्वितीय, चतुर्थ, छठे, 8वें सैमेस्टर नियमित/रि-अपीयर और प्रथम, तृतीय, 5वें, 7वें सैमेस्टर की री-अपीयर परीक्षाओं और इक्डोल के जनवरी बैच के पीजी डिग्री व डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश प्राप्त विद्यार्थी व इवन सैमेस्टर की रि-अपीयर परीक्षाओं में बैठने के लिए विद्यार्थी 15 मई तक बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। इसके बाद विश्वविद्यालय के नियमों के तहत विलंब शुल्क वसूला जाएगा। स्नातकोत्तर स्तर की परीक्षाएं जून माह में शुरू होना संभावित हैं। इस संबंध में वीरवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल की ओर से अधिसूचना जारी की गई।
ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने के लिए विश्वविद्यालय की संबंधित वैबसाइट पर लिंक उपलब्ध करवा दिया है। ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद उम्मीदवारों को ऑनलाइन भरे गए फॉर्म का प्रिंट निकालकर हार्डकॉपी जरूरी दस्तावेजों के साथ विश्वविद्यालय के संबंधित अधिकारी के पास जमा करवाने होंगे। जारी निर्देशों के अनुसार सभी विभागों, संस्थानों, महाविद्यालयों एवं सीडीओई के चेयरपर्सन, प्राचार्य व निदेशकों को निर्देशित किया गया है कि वे केवल उन्हीं नियमित व पात्र विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति दें, जिनका प्रवेश उनके संस्थान में विधिवत स्वीकृत है। इसके लिए एडमिशन अप्रूवल फॉर एग्जाम फिलिंग फीचर का उपयोग किया जाएगा, जो संबंधित विभाग/कालेज आईडी के अंतर्गत उपलब्ध है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि सभी पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने परीक्षा फॉर्म अवश्य भर लें।
बीए एलएल.बी. ऑनर्स की परीक्षाएं जून में, फॉर्म ऑनलाइन भरना शुरू
बीए एलएल.बी. ऑनर्स इवन सैमेस्टर रैगुलर/रि-अपीयर परीक्षाओं के लिए परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन भरना शुरू हो गया है। परीक्षा फॉर्म बिना विलंब शुल्क 15 मई तक भरे जा सकेंगे। इसके बाद विश्वविद्यालय के नियमों के तहत विलंब शुल्क वसूला जाएगा। परीक्षाएं जून माह में शुरू होंगी। इस संबंध में भी वीरवार को अधिसूचना जारी की गई।

