हिमाचल के बेरोजगार युवा अब बस रूटों के लिए 26 तक कर सकते हैं आवदेन
punjabkesari.in Monday, Dec 11, 2023 - 10:00 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए बेरोजगार युवा निजी बस रूटों के लिए अब 26 दिसम्बर तक परिवहन विभाग के पास आवेदन कर सकते हैं। प्रदेश में परिवहन व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए और हिमाचली बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए राज्य सरकार 234 रूटों पर निजी बसें चलाने की तैयारी में है। इसके लिए परिवहन विभाग 234 रूट आंबटन कर रहा है। इन 234 रूटों में से 208 सामान्य रूट हैं जबकि 26 रूट पर इलैक्ट्रिक बसों के लिए हैं। परिवहन विभाग ने रूट को लेकर 10 दिसम्बर तक आवेदन मांगे थे। विभाग के पास ऑप्रेटरों सहित अन्य युवाओं के आवेदन पहुंच रहे हैं लेकिन अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को रूट मिले इसके लिए आवेदन की तिथि अब 26 दिसम्बर तक बढ़ा दी गई है। चयनित मार्गों की सूची विभाग की वैबसाइट पर उपलब्ध है।
इन आर.टी.ओ. के पास इतने रूट
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आर.टी.ओ. सोलन के पास 30 रूट, आर.टी.ओ. नालागढ़ 7, आर.टी.ओ. हमीरपुर 12, आर.टी.ओ. शिमला 17, आर.टी.ओ. कुल्लू 19, आर.टी.ओ. मंडी 45, आर.टी.ओ. नाहन 9, आर.टी.ओ. ऊना 17, आर.टी.ओ. चंबा 9, आर.टी.ओ. कांगड़ा 35, आर.टी.ओ. रामपुर 8 रूट हैं।
ई-वाहनों के लिए इन क्षेत्रों में रूट
इलैक्ट्रिक वाहनों के लिए आर.टी.ओ. नालागढ़ में 1 रूट है। इसके अतिरिक्त आर.टी.ओ. ऊना में 3, आर.टी.ओ. हमीरपुर 2, आर.टी.ओ. कांगड़ा 4, आर.टी.ओ. सोलन 3, आर.टी.ओ. शिमला 1, आर.टी.ओ. नाहन 2, आर.टी.ओ. रामपुर 2, आर.टी.ओ. मंडी 5, आर.टी.ओ. बिलासपुर 2, आर.टी.ओ. कुल्लू में 1 रूट है।