Shimla: केंद्र ने आरडीजी बंद करके हमारे पैर में बेड़ियां डालने की कोशिश की : सुक्खू
punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 06:58 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि केंद्र सरकार ने 10 हजार करोड़ रुपए की सालाना राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) राशि को बंद करके हमारे पैर में बेड़ियां डालने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि आरडीजी के मुद्दे पर भाजपा ने राज्य सरकार का साथ नहीं दिया। भाजपा नेता न तो राज्य सरकार के साथ प्रधानमंत्री व केंद्रीय वित्त मंत्री से मिलने के लिए तैयार हुए और न ही विधानसभा में इस मुद्दे पर उनका साथ मिला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा 5 गुटों में बंटी है तथा पता नहीं कौन-सा गुट किसका समूल नाश करेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेता केंद्रीय वित्त मंत्री से तो मिले, पर यह नहीं बताया कि प्रदेश के लिए क्या लेकर आए हैं? उन्होंने कहा कि वित्तीय अनुशासन को अपनाते हुए राज्य सरकार ने मंत्री से लेकर अधिकारियों के वेतन के कुछ हिस्से को अस्थायी तौर पर रोका है। सरकार बजट में कुछ सुधारात्मक कदम उठाकर आगे बढ़ रही है। वित्तीय वर्ष, 2026-27 का बजट 3,586 करोड़ रुपए कम होने का यह मतलब नहीं है कि हिमाचल प्रदेश आत्मनिर्भरता की ओर आगे नहीं बढ़ेगा। सरकार ने जो निर्णय लिए हैं, उससे राज्य की नींव मजबूत होने के साथ आने वाले समय में इससे प्रदेश की आर्थिकी को बल मिलेगा।
भविष्य में किसी को सेवा विस्तार नहीं मिलेगा
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार भविष्य में किसी को सेवा विस्तार नहीं देगी। सरकार की तरफ से मैडीकल कॉलेजों में एसोसिएट प्रोफैसर की नई नियुक्तियां की जा रही हैं। इसके अलावा मैडीकल कॉलेजों में वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर कुछ नियुक्तियों को किया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि किसी अधिकारी का कामकाज बहुत बेहतर होगा तो उसकी सेवाएं लेने के बारे में सोचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि इससे पहले 31 दिसम्बर से पहले सेवा विस्तार दिया गया है और भविष्य में इस पर रोक लगाई गई है।
31 मई से पहले होंगे पंचायत चुनाव
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार 31 मई से पहले पंचायत चुनाव करवाएगी। जहां तक उपायुक्तों को 5 फीसदी आरक्षण करने का अधिकार देने के मुद्दे पर न्यायालय की तरफ से रोक लगाने की बात है, तो इसका पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 5 फीसदी आरक्षण देने का निर्णय मंत्रिमंडल का था और न्यायालय ने इस पर रोक लगाई है।
असम के मुख्यमंत्री की पवन खेड़ा पर टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की तरफ से कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा पर की गई टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताय। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हर जगह राजनीति लाभ देखती है। उन्होंने कहा कि पवन खेड़ा ने तथ्यों के साथ अपनी बात को कहा है।
कांग्रेस रैलियों में अच्छी स्थिति नजर आई
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जहां पर उन्होंने कांग्रेस रैलियों को संबोधित किया, वहां अच्छी स्थिति नजर आई। उन्होंने कहा कि अब मतदाता 9 तारीख को प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।

