Shimla: राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए 10 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 07:34 PM (IST)
रिकांगपिओ (रिपन): भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने वर्ष 2026 के राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। जिला शिक्षा उपनिदेशक (उच्च), किन्नौर कुलदीप सिंह डोगरा ने बताया कि जिले के इच्छुक एवं पात्र शिक्षक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर 10 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार शिक्षकों के उत्कृष्ट शिक्षण कार्य, नवाचार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने का प्रतिष्ठित मंच है। ऐसे में जिले के अधिक से अधिक पात्र शिक्षक इस अवसर का लाभ उठाते हुए समय रहते अपना आवेदन सुनिश्चित करें।
कुलदीप सिंह डोगरा ने जिले के सभी विद्यालय प्रमुखों से भी आग्रह किया कि वे अपने-अपने विद्यालयों के पात्र शिक्षकों को आवेदन के लिए प्रेरित करें। साथ ही, यदि वे स्वयं पात्रता की शर्तें पूरी करते हैं तो इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए आवेदन अवश्य करें। उन्होंने विश्वास जताया कि अधिक संख्या में आवेदन होने से जिला किन्नौर का राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी प्रतिनिधित्व होगा और जिले के शिक्षकों की उत्कृष्ट उपलब्धियों को देशभर में नई पहचान मिलेगी।

