Shimla: सीएम सुक्खू ने बुलाई मंत्रिमंडल बैठक, शिक्षकों की नियुक्ति व फर्जी इंटरनैट मीडिया को लेकर निर्णय संभव

punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 08:15 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 20 जुलाई को मंत्रिमंडल बैठक बुलाई है। बैठक में सीबीएसई शिक्षकों की नियुक्ति व इंटरनैट मीडिया को लेकर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने एवं सृजित करने का निर्णय लिया जा सकता है। जानकारी के अनुसार बैठक में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति के नए नियमों को मंजूरी मिल सकती है। सरकार की तरफ से स्कूलों में शिक्षा के स्तर को सुधारने और पारदर्शिता लाने के लिए सीबीएसई पाठ्यक्रम के लिए कई स्कूलों का चयन किया है।

ऐसे में इसके लिए नियमों में बदलाव करना आवश्यक है। इन्हीं नियमों के आधार पर स्कूलों में योग्य उम्मीदवारों के चयन के लिए मानक तय किए जा रहे हैं, जिससे किसी भी तरह के विवाद और विसंगतियों को दूर किया जा सके। इस फैसले से हजारों नए शिक्षकों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। सरकार फर्जी इंटरनैट मीडिया पर नकेल कसने की दिशा में भी आगे बढ़ रही है। इसको सरकार संवेदनशील मुद्दा मानकर चल रही है, क्योंकि बिना पंजीकरण के चल रहे इंटरनैट मीडिया पोर्टल और चैनल चल रहे हैं।

सरकार ऐसे इंटरनैट मीडिया संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सकती है। यानी जो बिना किसी आधिकारिक पंजीकरण के सनसनीखेज, भ्रामक और समाज में अशांति फैलाने वाली खबरें प्रसारित करते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सरकार ऐसा इसलिए भी कर रही है, क्योंकि डिजिटल मीडिया के नाम पर ब्लैकमेलिंग और अफवाह फैलाने वाले तत्वों अपनी मनमानी कर रहे हैं। इसमें सरकार के खिलाफ एजैंडा आधारित काम करने वालों पर भी कार्रवाई की जा सकती है। इसके अलावा मुख्यमंत्री की बजट और हाल की घोषणाओं पर भी स्वीकृति की मुहर लग सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News