शिमला दौरे से पहले राहुल गांधी से मिलीं रजनी पाटिल, जानिए किन मुद्दों पर हुई चर्चा

punjabkesari.in Saturday, Jun 09, 2018 - 09:57 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने अपने शिमला दौरे से पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। उन्होंने इस दौरान संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की है, जिसमें आगामी लोकसभा चुनाव प्रमुख हैं। रजनी पाटिल को हाल ही में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे के स्थान पर प्रदेश कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है, ऐसे में शिमला दौरे से पहले उनकी मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस विधायक आशा कुमारी ने भी इस दौरान रजनी पाटिल से मुलाकात की।


11 व 12 जून को आएंगी शिमला
उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल 11 व 12 जून को अपने 2 दिवसीय प्रदेश दौरे पर शिमला आ रहीं हैं। इस दौरान वह 11 जून को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की आम सभा को संबोधित करेंगी, जिसमें प्रदेश कार्यकारिणी, जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों व विभागों के प्रमुख, सचिव व ब्लॉक ऑब्जर्वर मौजूद रहेंगे। उनका 12 जून को विधायकों व विधानसभा चुनाव 2017 में कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के साथ बैठक करने का कार्यक्रम है। इसके बाद पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक सायं 3 बजे पीटरहॉफ में होगी और बाद में पूर्व विधायकों के साथ अलग से मंत्रणा करेंगी।


लोकसभा चुनाव को लेकर बनेगी रणनीति
रजनी पाटिल का शिमला दौरा आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को जोड़कर देखा जा रहा है। इस दौरान प्रदेश प्रभारी जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की राय लेगी, वहीं आलाकमान की तरफ से आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर तैयार किए गए रोडमैप पर चर्चा करेंगी। उनके समक्ष पार्टी के भीतर जारी गुटबाजी से निपटना भी चुनौती होगी। इसी तरह वीरभद्र सिंह जैसे वरिष्ठ नेता को विश्वास में लेना पड़ेगा क्योंकि प्रदेश की सियासत में आज भी कांग्रेस के पास उनसे बेहतर विकल्प नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News