दिल्ली में राष्ट्रपति के बाद नड्डा-अनुराग को विधानसभा के विशेष सत्र का न्यौता

punjabkesari.in Friday, Sep 10, 2021 - 08:04 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश विधानसभा स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर 17 सितम्बर को आयोजित किए जाने वाले विधानसभा के विशेष सत्र के लिए नई दिल्ली से लेकर शिमला तक हलचल बढ़ गई है। इस कड़ी के तहत मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार पहले ही राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को न्यौता दे चुके हैं। विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने इसके बाद शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद जगत प्रकाश नड्डा तथा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को न्यौता दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ने नई दिल्ली में दोनों नेताओं से अलग-अलग मुलाकात करके इसके लिए विशेष निमंत्रण पत्र सौंपने के अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

12 सितम्बर को विधानसभा सचिवालय में बैठक बुलाई

इसके अलावा विशेष सत्र की इस तैयारी को लेकर विधानसभा अध्यक्ष ने 12 सितम्बर को विधानसभा सचिवालय में उच्च अधिकारियों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में विशेष सत्र के प्रारूप को अंतिम रूप देने के अलावा विधानसभा परिसर के सुरक्षा घेरे, ट्रैफिक व्यवस्था सहित अन्य विषयों पर चर्चा होगी। उल्लेखनीय है कि इस सिलसिले में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने भी गत दिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित अन्य नेताओं से नई दिल्ली में चर्चा की।

विशिष्ट दीर्घा में बैठेंगे केंद्रीय नेता

विधानसभा की नियमावली के अनुसार केंद्रीय नेताओं व वरिष्ठ नेताओं को विशिष्ट दीर्घा में बैठने की अनुमति होगी। इसके अलावा पूर्व विधायकों के लिए दर्शक दीर्घा में जगह उपलब्ध करवाई जाएगी।

137 पूर्व विधायकों से भी ली जा रही है सहमति

विधानसभा के वर्तमान सदस्यों के अलावा 137 पूर्व विधायकों से भी सहमति ली जा रही है। ऐसे में जो पूर्व विधायक विशेष सत्र में आने के लिए सहमति देते हैं, उनके बैठने और ठहरने के लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी।

हिंदी और अंग्रेजी में अंकित होगा काऊंसिल चैंबर का इतिहास

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के इतिहास को हिंदी और अंग्रेजी में अंकित किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ रवि कौंडल के अनुसार इतिहास को ग्रेनाइट पर अंकित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा सचिवालय के निर्देशानुसार परिसर में रंग-रोगन के साथ विशेष सफाई व्यवस्था की गई है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News