Hamirpur: खेल के दम पर कबड्डी विश्व कप भारत कैंप में पहुंची हिमाचल की 5 बेटियां : अनुराग ठाकुर
punjabkesari.in Sunday, May 11, 2025 - 09:30 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने अगले महीने बिहार में होने जा रहे महिला कबड्डी विश्वकप के लिए भारत कैंप में हिमाचल की 5 बेटियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे हिमाचल के लिए गर्व का अवसर बताया है। उन्होंने कहा कि देवभूमि व वीरभूमि हिमाचल को खेलभूमि बनाने का हम सबका सांझा प्रयास रंग ला रहा है। आज विभिन्न राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिमाचल के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा कर हिमाचल को गौरवान्वित होने का अवसर दे रहे हैं। जून महीने में बिहार के राजगीर में आयोजित होने जा रहे महिला कबड्डी विश्वकप के लिए भारत कैंप में हिमाचल प्रदेश की 5 बेटियों का चयन पूरे हिमाचल के लिए गर्व की बात है।
हरियाणा के सोनीपत स्थित स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया के ट्रेनिंग सैंटर में कबड्डी महिला खिलाड़ी निधि शर्मा, साक्षी शर्मा, ज्योति ठाकुर, भावना देवी व पुष्पा राणा ने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर कैंप में अपनी जगह बनाई है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश की महिला कबड्डी टीम ने राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया था। बेटियों की लगातार सफलता अन्य खेलों के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का काम कर रही है। आशा ही नहीं, पूर्व विश्वास है कि अपनी खेल प्रतिभा व तकनीकी से हमारी बेटियां विश्वकप की टीम में अपनी जगह बनाने में व भारत को खिताब जिताने में कामयाब होगीं।