बेटे की संदिग्ध मौत पर मां ने जताई हत्या की आशंका, एक गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Aug 05, 2021 - 05:55 PM (IST)

पांवटा साहिब (संजय): पांवटा साहिब उपमंडल के देवी नगर के एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी मृतक की मां की शिकायत पर हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार लक्ष्मी पत्नी स्व. रासा निवासी मद्रासी कालोनी नजदीक देहरादून रेलवे स्टेशन रैस्ट कैंप ने पांवटा साहिब पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज करवाई है कि उसका लड़का सूरज अपनी पत्नी दया और बच्चे के साथ पांवटा साहिब के वार्ड नंबर-9 देवी नगर मद्रासी कालोनी में रहता था। वह 27 जुलाई को शाम लगभग 4 बजे से लापता हो गाया था। उसका शव 29 जुलाई को छछरोली में यमुना नदी के किनारे मिला था।
महिला ने बताया कि वह देहरादून में रहती है और बीच-बीच में अपने बेटे और बहू के पास आती थी। मनीष कुमार पुत्र सतीश उसकी बहू दया पर काफी समय से बुरी नजर रखता था। इस कारण उसके लड़के सूरज की मनीष से काफी बार बहस भी हुई थी। जिस दिन उसका लड़का गायब हुआ उस दिन उसको एक फोन भी आया था। सूरज को तलाश करते जब हमने यमुना पुल पर कैमरे चैक किए तो सूरज के साथ 27 जुलाई को रिक्शे पर मनीष को विकासनगर की ओर जाते देखा है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका लड़का तैरना नहीं जानता था व पानी से डरता था। उसने आशंका व्यक्त की है कि मनीष ने उसके लड़के को कोई नशा या जहर देकर जान से मार कर पानी में फैंक दिया है। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि की है।