Mandi: SPU ने जारी किया सीईटी शैड्यूल : 26 मई से शुरू होंगी प्रवेश परीक्षाएं
punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 07:17 PM (IST)
मंडी (रजनीश): सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातकोत्तर (पीजी), बीबीए और बीसीए पाठ्यक्रमों के लिए सामान्य प्रवेश परीक्षा (कामन एंट्रैस टैस्ट) का शैड्यूल जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रहेगी तथा अभ्यर्थी 6 अप्रैल से 4 मई तक आवेदन कर सकते हैं। एडमिट कार्ड 19 मई से डाऊनलोड किए जा सकेंगे। एसपीयू के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने बताया कि सामान्य प्रवेश परीक्षा का शैड्यूल जारी कर दिया गया है। 26 से 30 मई तक परीक्षाओं का सुचारू आयोजन किया जाएगा। हमने शुल्क और परीक्षा केंद्रों का निर्धारण भी कर लिया है, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
26 से 30 मई तक होंगी प्रवेश परीक्षाएं
प्रवेश परीक्षाओं का आयोजन अलग-अलग शिफ्ट में किया जाएगा। 26 मई को एमएससी कैमिस्ट्री, एमए राजनीति विज्ञान, एमएससी फिजिक्स व एमए इतिहास विषयों के लिए प्रवेश परीक्षाएं होंगी। 27 मई को एमबीए, बीबीए, बीसीए व एमसीए, 28 को एमएससी जूलाॅजी, एमएससी बाॅटनी, 29 को एमएससी मैथ्स व एमकॉम, 30 को एमए अंग्रेजी व हिंदी विषयों के लिए प्रवेश परीक्षाएं होंगी।
इन जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्र
विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विभिन्न जिलों में परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। एमबीए के लिए मंडी और कांगड़ा और अन्य सभी पाठ्यक्रमों के लिए मंडी, कुल्लू, सरकाघाट और जोगिंद्रनगर में केंद्र बनाए गए हैं। प्रवेश परीक्षा शुल्क विभिन्न वर्गों (सामान्य, एससी/एसटी ओबीसी के लिए अलग-अलग निर्धारित किया गया है, जिसकी विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वैबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है।

