Mandi: पारंपरिक लघु जलेब के साथ शुरू हुआ शिवरात्रि का महाकुंभ! बाबा भूतनाथ को मिला राज देवता माधोराय का शाही न्याैता
punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 04:16 PM (IST)
मंडी (रजनीश): हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी मंडी में अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि मेले की तैयारियां अपने चरम पर हैं। रविवार को महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर जिला प्रशासन ने पारंपरिक लघु जलेब (शोभायात्रा) निकालकर बाबा भूतनाथ को 16 फरवरी से शुरू होने वाले अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि मेले का विधिवत निमंत्रण दिया।

राजकीय सम्मान के साथ निकली लघु जलेब
मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने अपनी पत्नी श्वेता कुमार के साथ राज देवता श्री माधोराय की ओर से बाबा भूतनाथ के दरबार में हाजिरी भरी। डीसी की अगुवाई में यह लघु जलेब राज माधाेराय मंदिर से शुरू होकर पुलिस की टुकड़ी, होमगार्ड बैंड और जनपद के प्रमुख देवी-देवताओं के साथ बाबा भूतनाथ मंदिर तक पहुंची। यहां प्रशासन ने बाबा भूतनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की और उन्हें मेले का औपचारिक न्यौता दिया।

पारंपरिक महायज्ञ में लिया भाग
इससे पूर्व, डीसी अपूर्व देवगन ने सपरिवार राज देवता माधो राय के प्रांगण में आयोजित पारंपरिक महायज्ञ में भाग लिया। उन्होंने टारना स्थित मां श्यामाकाली मंदिर और बड़ा देव कमरूनाग जी के मंदिर में शीश नवाकर जिलावासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
देव संस्कृति के संरक्षण पर दिया जोर
मीडिया से बात करते हुए डीसी अपूर्व देवगन ने बताया कि 16 से 22 फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य देव संस्कृति और समृद्ध परंपराओं को सहेजना है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि इस महा-समागम के माध्यम से युवा पीढ़ी अपनी जड़ों और देव आस्था से जुड़े। सभी परंपराओं का निर्वहन पूरी श्रद्धा के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर नगर निगम के महापौर वीरेंद्र भट्ट, सर्व देवता समाज समिति के प्रधान शिव पाल शर्मा, एडीसी गुरसिमर सिंह, एडीएम मदन कुमार, एसडीएम रूपिंदर कौर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

