Mandi: ट्रेनिंग पर गया था शिक्षक, पीछे से छात्राओं ने खोला ऐसा राज...शिक्षा विभाग ने तुरंत लिया ये बड़ा एक्शन

punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 07:22 PM (IST)

मंडी: हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। उपमंडल पद्धर के एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात एक जेबीटी शिक्षक पर छात्राओं के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार और अशोभनीय हरकतें करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ऐसे सामने आया सच
यह पूरा मामला तब उजागर हुआ जब आरोपी शिक्षक गत सप्ताह एक विभागीय प्रशिक्षण शिविर (ट्रेनिंग कैंप) में हिस्सा लेने के लिए स्कूल से बाहर गया हुआ था। इस दौरान स्कूल में प्रतिनियुक्ति (डैपुटेशन) पर एक अन्य शिक्षक आए। आरोपी की गैर-मौजूदगी में डरी-सहमी छात्राओं ने हिम्मत जुटाई और उस नए शिक्षक को अपने साथ हो रहे अनुचित व्यवहार की आपबीती सुनाई। इसके बाद यह बात छात्राओं के अभिभावकों तक पहुंची, जिन्होंने तुरंत इसकी शिकायत चाइल्ड हैल्पलाइन को दी।

चाइल्ड हैल्पलाइन ने दर्ज किए बयान, एफआईआर दर्ज
शिकायत मिलते ही चाइल्ड हैल्पलाइन की टीम तुरंत विद्यालय पहुंची। टीम ने वहां छात्राओं और उनके अभिभावकों से विस्तृत बातचीत कर उनके बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जांच में छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार की बात सामने आने पर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ पोक्सो एक्ट की धारा 10 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 75 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिक्षा विभाग का कड़ा एक्शन, जैदेवी तय किया मुख्यालय
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक मंडी ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए आरोपी शिक्षक के निलंबन आदेश जारी कर दिए हैं। सस्पैंशन के दौरान आरोपी शिक्षक को उसके वर्तमान कार्यस्थल से कार्यमुक्त कर प्रारंभिक शिक्षा खंड अधिकारी सुंदरनगर-2 के मुख्यालय जैदेवी में रिपोर्ट करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, आरोपी को आधिकारिक कार्यों, अभिलेखों, रजिस्टरों और विद्यालय की अन्य संपत्ति का प्रभार 10 दिन के भीतर सक्षम प्राधिकारी द्वारा नामित अधिकारी को सौंपने का आदेश दिया गया है।

जांच के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
इस पूरे घटनाक्रम पर प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक मंडी सुनील दत्त ने बताया कि शिक्षा विभाग ने अपनी तरफ से कड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षक को निलंबित कर दिया है। वर्तमान में पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपों की अंतिम सत्यता पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर ही तय होगी, जिसके बाद नियमानुसार आगामी विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News