Mandi: गुटकर-मंडी मार्ग से हटेंगी चट्टानें, जानिए 21 नवम्बर तक कैसे रहेगी ट्रैफिक की टाइमिंग
punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 06:42 PM (IST)
मंडी (रजनीश): मंडी जिला के गुटकर-मंडी मार्ग पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए एक जरूरी खबर है। मांगवाई गांव के समीप चेनज 250+400 पर नियंत्रित ब्लास्टिंग एवं कठोर चट्टानों की कटिंग का कार्य शुरू किया जा रहा है। इसके चलते 24 अक्तूबर से 21 नवम्बर तक इस मार्ग पर यातायात निर्धारित समयावधि के लिए पूरी तरह से बंद रहेगा। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि निर्माण कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
इस संबंध में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी मंडी डॉ. मदन कुमार द्वारा मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत आदेश जारी कर दिए गए हैं। जारी किए गए यातायात के नए शैड्यूल के अनुसार सोमवार से शनिवार तक प्रातः 11 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक तथा सायं 7 बजे से अगले दिन प्रातः 6.30 बजे तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। वहीं, रविवार के दिन प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक तथा सायं 5 बजे से अगले दिन प्रातः 9 बजे तक यातायात बंद रखा जाएगा।
जिला प्रशासन ने आम जनता, पर्यटकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित समयसारिणी के अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए कार्य को सुचारू और सुरक्षित रूप से पूरा करने के लिए आमजन संबंधित विभागों एवं पुलिस के निर्देशों का पालन कर अपना सहयोग प्रदान करें।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

