सरकार को न तो देश की चिंता और न ही अन्नदाता की : राठौर

punjabkesari.in Tuesday, Feb 23, 2021 - 07:00 PM (IST)

ठियोग (मनीष): प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा है कि वर्तमान सरकार को न तो उसे देश की कोई चिंता है और न ही अन्नदाता की। जय जवान, जय किसान, काले कानून वापस लो के नारे के साथ उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार अपनी दमनकारी नीतियों से न तो देश की आवाज दबा सकती है और न ही किसानों-बागवानों की। किसान अकेला नहीं है उसके साथ पूरा देश खड़ा है। मंगलवार को शिमला जिला कांग्रेस की किसानों के समर्थन में गुम्मा से छैला तक आयोजित पदयात्रा का नेतृत्व करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र और प्रदेश भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों ने आज देश को बर्बादी की राह पर लाकर खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि देश एक बार फिर से गुलामी की और बढ़ रहा है। पहले देश मुगलों व विदेशियों का गुलाम था और आज देश बड़े सुनियोजित ढंग से सरमायेदारों का बनता जा रहा है।
PunjabKesari, Congress Leader Image

भाजपा ने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को तहस-नहस किया

उन्होंने कहा कि देश की बड़े पैमाने पर परिसंपत्तियों को बेचा जा रहा है। देश में गरीब और अमीर के बीच खाई बढ़ती जा रही है। देश में बढ़ती बेरोजगारी व महंगाई ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। आज की इस पदयात्रा में हजारों लोगों ने सरकार के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी करते हुए किसानों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि आज अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई लड़ी जा रही है। किसानों पर काले कानून थोपे गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आज देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को भी तहस-नहस कर दिया है।
PunjabKesari, Congress Rally Image

महंगाई से जनता बेहाल : विक्रमादित्य

कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने इस दौरान कहा कि भाजपा सरकार शिमला जिला के साथ हर चीज के मामलें में भेदभाव कर रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश तथा देश में महंगाई से लोग त्रस्त है। सरकार को लोगों की कोई ङ्क्षचता नहीं है। उन्होंने जिला परिषद की तरह जीत के लिए विधानसभा चुनावों को अभी से डट जाने का आह्वान किया। वहीं रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि भाजपा ने देश की अर्थव्यवस्था को ही तहस-नहस कर दिया है। उन्होंने कहा कि एकजुट होकर भाजपा का मुकाबला करते हुए इसकी विदाई करनी है।

भाजपा कर रही जुब्बल कोटखाई से भेदभाव : रोहित

पूर्व विधायक रोहित ठाकुर ने भारी संख्या में यहां आए लोगों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के साथ भाजपा सरकार भेदभाव कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय शुरू की गई विकास योजनाओं को आधे-अधूरे में छोड़ दिया गया है।  शिमला जिला कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा ने भी अपने संबोधन में देश के किसानों के समर्थन में कांग्रेस की एकजुटता के लिए यहां उमड़े जन समूह का आभार प्रकट किया।

जिला में एकजुट हुई कांग्रेस

मंगलवार को जिला शिमला के गुम्मा में कांग्रेस पार्टी की पदयात्रा एवं धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पार्टी एकजुट नजर आई और जिला के तमाम नेताओं और पदाधिकारियों ने एकजुटता के साथ मंच साझा किया। इस मौके पर कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा, शिमला जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी, उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेटका, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, शिमला शहरी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी, एनएसयूआई अध्यक्ष छतर सिंह के अतिरिक्त प्रदेश कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, कांग्रेस पार्टी के विभाग के सदस्य व अनेक पदाधिकारी व 7 ब्लॉक अध्यक्ष मौजूद थे। इस पदयात्रा में शिमला जिला की सातों विधानसभा क्षेत्र जुब्बल-कोटखाई, चौपाल, रामपुर बुशैहर, ठियोग, रोहडू, कसुम्पटी, शिमला शहर व ग्रामीण के हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News