कांग्रेस शासनकाल में पिछड़ा देश, मोदी ने विश्व की 5वीं अर्थव्यवस्था बनाया : अजय भट्ट
punjabkesari.in Friday, May 03, 2024 - 05:30 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2004 से 2014 तक कांग्रेस का शासनकाल विनाशकाल साबित हुआ, जिसमें देश पीछे गया। इसके विपरीत वर्ष 2014 से 2024 तक नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने का समय अमृतकाल का रहा है, जिसमें भारत विश्व की 5वीं अर्थव्यवस्था बनकर उभरा। अजय भट्ट कसुम्पटी में आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में देश की अर्थव्यवस्था से लेकर सड़क, रेल और विदेशी प्रत्यक्ष निवेश की स्थिति सही नहीं थी। इसका अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि कांग्रेस के 10 वर्ष के कार्यकाल में स्टार्टअप की संख्या मात्र 350 थी, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में बढ़कर 117257 हो गई।
केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा के समय केंद्र से 1782 करोड़ रुपए जारी हुए, जिसको राज्य सरकार पूर्ण रूप से खर्च नहीं कर पाई। इसका कारण यह रहा है कि आपदा के नाम पर भी प्रदेश में भ्रष्टाचार एवं भाई-भतीजावाद को बढ़ावा मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश पहली ऐसी सरकार है, जिसे कुप्रबंधन के लिए जाना जाता है। केंद्र सरकार ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हिमाचल प्रदेश को एम्स, हाईड्रो इंजीनियरिंग काॅलेज, आईआईएम, पीजीआई सैटेलाइट सैंटर, बल्क ड्रग पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, फोरलेन, नैशनल हाईवे, श्री रेणुका जी हाईड्रो प्रोजैक्ट, सुन्नी हाईड्रो प्रोजैक्ट और आईआईटी जैसी अनेक सौगातें दीं। भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप के अलावा इस अवसर पर सांसद हर्ष महाजन, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज व रूपदास कश्यप, पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप एवं जिलाध्यक्ष प्रेम ठाकुर उपस्थित थे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here