Karwachauth 2025: चांद के दीदार को शिमला के रिज पर उतर आए 'सैंकड़ों चांद', पति के हाथों जल ग्रहण कर खोला व्रत
punjabkesari.in Friday, Oct 10, 2025 - 10:14 PM (IST)

शिमला (अम्बादत): राजधानी शिमला में करवाचौथ का पर्व पारंपरिक श्रद्धा और बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अपने पति की दीर्घायु और खुशहाली की कामना के लिए सुहागिनों ने दिनभर निर्जला व्रत रखा और रात को चांद का दीदार कर अपना उपवास तोड़ा। इस अवसर पर शहर का ऐतिहासिक रिज मैदान सैंकड़ों महिलाओं से गुलजार रहा, जहां चांद के निकलते ही उत्सव का माहौल दोगुना हो गया।
सुबह से ही महिलाएं सोलह श्रृंगार कर इस खास दिन की तैयारियों में जुटी रहीं। दिनभर निर्जला उपवास रखने के बाद शाम को पारंपरिक पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने करवाचौथ की कथा का पाठ किया और एक-दूसरे को सरगी व सुहाग की वस्तुएं बांटीं। रात 8 बजकर 30 मिनट पर जैसे ही चांद ने दर्शन दिए, सुहागिनों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने चांद को अर्घ्य देकर पूजा की और अपने पति के हाथों से जल ग्रहण कर अपना व्रत खोला।
हर साल की तरह इस बार भी रिज मैदान करवाचौथ के जश्न का मुख्य केंद्र बना रहा। यहां सैंकड़ों सुहागिनें एक साथ चांद का इंतजार करती नजर आईं। खूबसूरत परिधानों में सजी महिलाओं से रिज की रौनक देखते ही बन रही थी। चांदनी रात में यह दृश्य बेहद मनमोहक लग रहा था। इस उत्सव में स्थानीय महिलाओं के साथ-साथ शिमला घूमने आए पर्यटकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे यह दिन उनके लिए भी यादगार बन गया। कार्यक्रम के दौरान किसी भी अव्यवस्था से बचने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।