Shimla: मुख्यमंत्री की दिल्ली से शिमला वापसी से पहले नए मुख्य सचिव को लेकर लॉबिंग तेज

punjabkesari.in Saturday, Sep 27, 2025 - 08:15 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): 6 माह के सेवा विस्तार पर चल रहे मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना का कार्यकाल इस माह समाप्त होने जा रहा है। ऐसे में उन्हें फिर से 6 माह का सेवा विस्तार नहीं दिए जाने की स्थिति में किसी नए अधिकारी को यह कमान सौंपी जा सकती है, जिसमें वर्ष, 1993 बैच के आईएएस अधिकारी केके पंत का नाम सबसे ऊपर चल रहा है। हालांकि वरीयता सूची में उनसे आगे वर्ष, 1988 बैच के आईएएस अधिकारी संजय गुप्ता भी इस पद के लिए अपनी दावेदारी जता रहे हैं, जिन्हें पहले मुख्य सचिव की कुर्सी से दूर रखा गया। यह निर्णय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की शिमला वापसी पर ही लिया जाना है। मुख्यमंत्री के देर रात्रि लंदन से दिल्ली लौटने के बाद रविवार को प्रदेश वापस पहुंचने की संभावना है। जानकारी के अनुसार यदि मुख्यमंत्री दिल्ली से अपने गृह क्षेत्र नादौन नहीं जाते, तो सीधे रविवार को शिमला पहुंच जाएंगे।

मुख्यमंत्री 29 सितम्बर को शिमला के नजदीक मशोबरा के फेयरलॉन स्थित डा. मनमोहन सिंह हिमाचल लोक प्रशासन संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि मुख्य सचिव 6 माह के सेवा विस्तार पर चल रहे मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना का कार्यकाल इसी माह समाप्त हो रहा है। उनका सेवा विस्तार दिए जाने का मामला हाईकोर्ट में भी विचाराधीन है। इस स्थिति में सरकार उन्हें फिर से 6 माह का सेवा विस्तार देने से पीछे हट सकती है। सरकार की तरफ से मुख्य सचिव पद के अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियां भी की जाएंगी। इसमें हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत नियामक आयोग अध्यक्ष और मुख्य सूचना आयुक्त (सीआईसी) जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। इसके लिए भी राम सुभग सिंह, संजय गुप्ता और प्रबोध सक्सेना जैसे अधिकारियों के नाम चर्चा में हैं। साथ ही कई अन्य वरिष्ठ आईएएस व आईएफएस अधिकारी भी इस दौड़ में चल रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News