Shimla: फील्ड में उतरे चीफ सैक्रेटरी, पुलिस के साथ ही विजिलैंस मुख्यालय का दौरा किया

punjabkesari.in Thursday, Oct 09, 2025 - 09:40 PM (IST)

शिमला (राक्टा): मुख्य सचिव का कार्यभार संभालने के बाद वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजय गुप्ता एक्शन में हैं। इसी कड़ी में वह जहां प्रशासनिक अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश जारी कर चुके हैं, वहीं वीरवार को उन्होंने फील्ड में उतरते हुए पुलिस मुख्यालय और राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का दौरा किया। पुलिस मुख्यालय पहुंचकर मुख्य सचिव ने पुलिस विभाग में चल रहे सुधारों, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और आधुनिकीकरण के प्रयासों की समीक्षा की। इस दौरान प्रदेश पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने पुलिस बल के सामने आने वाली चुनौतियों जैसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियां, सीमित संसाधन, साइबर अपराध और नशा तस्करी जैसी समस्याओं के बारे में बताया। 

विभाग ने तीन क्षेत्रों में जीरो टॉलरैंस की नीति अपनाई
डीजीपी ने बताया कि विभाग ने तीन क्षेत्रों नशे, भ्रष्टाचार और ट्रैफिक उल्लंघन में जीरो टॉलरैंस की नीति अपनाई है। इसके तहत तकनीक-आधारित निगरानी, सख्त कार्रवाई और जन-जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। विजिलैंस मुख्यालय में मुख्य सचिव ने पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि जांचों में तेजी लाने के लिए प्रशासनिक स्वीकृतियों की प्रक्रिया को सरल बनाने पर काम चल रहा है। मुख्य सचिव ने विभाग की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि जन केंद्रित, तकनीक समर्थित और पारदर्शी पुलिसिंग ही सुशासन की पहचान है। उन्होंने पुलिस बल को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया, ताकि हिमाचल प्रदेश को एक आदर्श, ईमानदार और संवेदनशील पुलिस व्यवस्था के रूप में विकसित किया जा सके।

अधिकारियों को जारी कर चुके निर्देश
वरिष्ठ आईएएस संजय गुप्ता ने मुख्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार संभालने के बाद कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारियों को समय पर दफ्तर आना होगा। फाइलों का निपटारा एक-दो दिनों के अंदर करना होगा। कामकाज में किसी भी सूरत में भी ढुलमुल रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फाइलों का समय पर निपटारा न किए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News