Himachal: 45 हजार आऊटसोर्स कर्मचारियों को करवाचौथ से पहले नहीं मिला वेतन, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

punjabkesari.in Thursday, Oct 09, 2025 - 07:57 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश के 45 हजार आऊटसोर्स कर्मचारियों ने करवाचौथ से पहले वेतन नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि उन्हें शीघ्र वेतन जारी नहीं किया, तो वे प्रदेशव्यापी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। सरकारी कार्यालयों में कार्यरत इन कर्मचारियों ने नियमितीकरण को लेकर ठोस नीति बनाने की मांग भी की है। कर्मचारियों का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में कार्यरत ये कर्मचारी दिन-रात व्यवस्था को चलाने में योगदान दे रहे हैं। इसके बावजूद वह आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहे हैं। 

कर्मचारियों की मांग है कि राज्य सरकार को उनकी समस्याओं में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए तथा बढ़ती महंगाई के बीच उन्हें समय पर वेतन देना सुनिश्चित करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में करीब 2 दशक से करीब 45 हजार कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इन कर्मचारियों को औसतन 10 हजार रुपए से 12 हजार रुपए मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की बजट घोषणा के अनुसार आऊटसोर्स कर्मचारियों के मासिक मानदेय को 12 हजार रुपए से बढ़ाकर 12,750 रुपए करने का निर्णय लिया गया है।

तत्काल वेतन जारी हो व नियमित किया जाए : शैलेंद्र
हिमाचल प्रदेश आऊटसोर्स कर्मचारी महासंघ के पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा ने प्रदेश के 45 हजार आऊटसोर्स कर्मचारियों को तत्काल वेतन जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश के अनुसार आऊटसोर्स कर्मचारियों को शीघ्र नियमित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि करवाचौथ से पहले कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलना सरकार की उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी दिवाली की तैयारी में भी जुटे हैं। ऐसे में सरकार को उनकी जायज मांग की तरफ ध्यान देना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News