Kangra: सोने-चांदी की दुकान में चोरों ने लगाई सेंध, 400 ग्राम चांदी पर हाथ साफ
punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 06:02 PM (IST)
कांगड़ा (कालड़ा): होशियारपुर रोड कांगड़ा स्थित सोने-चांदी की दुकान में सोमवार रात करीब 2 बजे चोरों ने सेंध लगा दी। चोर दुकान का एक ताला तोड़कर आधा शटर उठाकर अंदर घुसे और करीब 400 ग्राम चांदी का सामान चोरी कर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकानदार सरदार रणवीर सिंह ने बताया कि चोरों ने दुकान के शटर के एक तरफ का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। एक चोर मंकी कैप पहनकर आधे उठे शटर के नीचे से लेटकर दुकान के अंदर घुसा, जबकि उसके साथी बाहर पहरा देते रहे। चोर दुकान में रखी लोहे की अलमारी को तोड़ने में सफल नहीं हो सके। सुबह अखबार वितरित करने आए विक्रेता ने दुकान के ताले टूटे और शटर को एक तरफ से उठा हुआ देखा। उसने इसकी सूचना दुकानदार को दी।
दुकान पहुंचने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस जांच अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी कांगड़ा मदन धीमान ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए मंगलवार को पुलिस की विशेष टीम भी कांगड़ा पहुंचेगी। चोरी की यह वारदात थाना कांगड़ा से करीब 100 मीटर की दूरी पर और व्यस्त होशियारपुर रोड पर हुई है। ऐसे में पुलिस के सामने चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ने की चुनौती है।

