Kangra: नशे में धुत्त शख्स ने युवती पर किया वाहन चढ़ाने का प्रयास, बचाने आए बुजुर्ग पिता को भी पीटा
punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 08:02 PM (IST)
धर्मशाला (ब्यूरो): कांगड़ा जिले के पुलिस थाना धर्मशाला के अंतर्गत आते नरवाणा बाजार में एक शर्मनाक और खौफनाक वारदात सामने आई है। शराब के नशे में धुत्त एक कार चालक ने 30 वर्षीय युवती पर तेज रफ्तार गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, जब युवती के बुजुर्ग पिता बीच-बचाव करने आए, तो आरोपी ने उनके साथ भी बुरी तरह मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने छेड़छाड़, मारपीट और लापरवाही से वाहन चलाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में नरवाणा बाजार की रहने वाली 30 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि यह घटना बुधवार रात करीब 8:45 बजे की है। युवती का आरोप है कि गांव के ही रहने वाले अश्वनी नामक व्यक्ति ने अपनी कार बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए उसे कुचलने की कोशिश की। शिकायत के अनुसार जानलेवा प्रयास के अलावा आरोपी ने युवती के साथ गाली-गलौच की, उसकी तरफ गलत इशारे किए और उसे गलत नीयत से छूने का भी प्रयास किया।
युवती के साथ हो रही इस बदसलूकी और हमले को देखकर जब उसके बुजुर्ग पिता उसे बचाने के लिए आगे आए, तो नशे में धुत्त आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट व हाथापाई की। घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत पुलिस का दरवाजा खटखटाया। शिकायत के आधार पर धर्मशाला पुलिस थाना में आरोपी अश्वनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 74 , 79, 115(2), 352 और 351(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने इस मामले की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं और लगाए गए गंभीर आरोपों की गहनता से जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

