Bilaspur: जयराम ठाकुर के काफिले को दिखाए काले झंडे, भाजपा नेताओं के खिलाफ की नारेबाजी
punjabkesari.in Sunday, Sep 06, 2026 - 06:52 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर/राम सिंह): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने पर जिला भाजपा की ओर से बरमाणा में आयोजित सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के काफिले को कांग्रेस के सदर मंडल उपाध्यक्ष एवं बरमाणा पंचायत के पूर्व उपप्रधान नतीश ठाकुर की अगुवाई में काले झंडे दिखाए गए। इस दौरान कुछ युवाओं ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर और सांसद सिकंदर के खिलाफ नारेबाजी भी की। अचानक हुए घटनाक्रम से जयराम ठाकुर भी हैरान नजर आए और उन्होंने पूछा कि ये कौन हैं।
नतीश ठाकुर ने जारी बयान में कहा कि बरमाणा स्थित सीमैंट कंपनी से जुड़े स्थानीय लोगों और ट्रक ऑप्रेटरों को कथित तौर पर हो रही परेशानियों व आर्थिक नुक्सान के विरोध में काले झंडे दिखाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अदानी समूह द्वारा बरमाणा सीमैंट कंपनी का अधिग्रहण किए जाने के बाद 16 दिसम्बर 2022 से 20 फरवरी 2023 तक कंपनी बंद रही, जिससे ट्रकों के पहिए 67 दिन तक थमे रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में ट्रक ढुलाई किराए में भी कटौती की गई।
नतीश ठाकुर ने आरोप लगाया कि उस समय नेता प्रतिपक्ष ने यह मामला विधानसभा में नहीं उठाया और न ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री व सांसदों ने ट्रक ऑप्रेटरों की समस्याओं की सुध ली। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में मल्टीएक्सल ट्रकों को करीब 1.91 रुपए और छह टायर वाले ट्रकों को करीब 1.11 रुपए प्रति किलोमीटर कम दर पर सीमैंट ढुलाई करनी पड़ रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछले 6 माह से टैक्सी यूनियन का वैंडर कोड ब्लॉक कर टैक्सियों को बाहर किया गया है, जबकि स्थानीय युवाओं के बजाय दूसरे राज्यों के लोगों को रोजगार दिया जा रहा है। स्थानीय ठेकेदारों को भी काम नहीं मिलने का आरोप लगाया। नतीश ठाकुर ने एक नेता के पुत्र की लॉ फर्म द्वारा अदानी का काम देखे जाने का भी आरोप लगाया।

