पानी का टैंक बना काल, साढ़े तीन साल के बच्चे की डूबने से मौत; परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 11:08 AM (IST)
Bilaspur News : हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पर टैंक में डूबने से साढ़े तीन साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के झंडूता क्षेत्र के कसेह गांव में हुआ। मृतक की पहचान कसेह निवासी जितेंद्र कुमार के साढ़े तीन वर्षीय पुत्र विनायक (उर्फ गणी) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विनायक अपनी मां और दादी के साथ खेत की ओर गया हुआ था। इसी दौरान खेत के साथ बने पानी के स्टोरेज टैंक में डूबने से उसकी मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में बच्चे को बिलासपुर एम्स ले गए, लेकिन यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि की है। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

