Bilaspur: स्वारघाट में कांग्रेस सरकार के खिलाफ गरजी भाजपा, निकाली आक्रोश रैली
punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 06:38 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर ने वीरवार को स्वारघाट में प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। श्री नयनादेवी जी विधायक रणधीर शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विश्राम गृह से एसडीएम कार्यालय तक आक्रोश रैली निकाली और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर बेरोजगारी, महंगाई, प्रभावित विकास कार्यों और कांग्रेस की 10 चुनावी गारंटियों पर जवाब मांगा।
जनता से किए वायदों का हिसाब दे सरकार : रणधीर शर्मा
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि एक लाख सरकारी नौकरियां देने और महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए देने सहित 10 गारंटियों को लेकर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से लंबित योजनाओं को पूरा करने और विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवा रोजगार के अवसर तलाश रहे हैं जबकि महंगाई और सरकारी शुल्कों का बोझ आम लोगों, किसानों, व्यापारियों तथा मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और मंत्रिमंडल से 3 वर्षों के कार्यकाल का हिसाब देने की मांग करते हुए कहा कि सरकार बताए कि युवाओं, महिलाओं, किसानों और बागवानों के लिए कितने वादे पूरे किए गए हैं।

सत्ता में आने के बाद चुनावी वायदे भूली कांग्रेस : कृष्ण लाल
भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान विभिन्न वर्गों से वायदे किए थे लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि स्वारघाट में आयोजित यह प्रदर्शन जनता की समस्याओं को उठाने और सरकार को उसकी जिम्मेदारियों का एहसास करवाने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
...तो और व्यापक किया जाएगा आंदोलन
वहीं भाजपा नेताओं ने कहा कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इस धरना-प्रदर्शन में भाजपा जिला एवं मंडल पदाधिकारियों, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

