क्रिकेट फैंस के लिए खुशखबरी! लुहणू मैदान में 18 अक्तूबर से शुरू होगा मुकाबला, चौके-छक्के मारते नजर आएंगे टीम इंडिया के ये सलामी बल्लेबाज
punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 06:57 PM (IST)
बिलासपुर (विशाल): एक लंबे अंतराल के बाद हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर का ऐतिहासिक लुहणू क्रिकेट मैदान एक बार फिर क्रिकेट के बड़े स्टार खिलाड़ियों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। गोविंद सागर झील के किनारे स्थित इस खूबसूरत मैदान पर रणजी ट्रॉफी के अहम मुकाबले में मुंबई और हिमाचल प्रदेश की टीमें आमने-सामने होंगी। 18 अक्तूबर से शुरू होकर 21 अक्तूबर तक चलने वाले इस चार दिवसीय रणजी मुकाबले को लेकर शहर के क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह है।
यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान होंगे मुख्य आकर्षण
इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में मुंबई की टीम अपने इंटरनैशनल और आईपीएल स्टार्स के साथ मैदान में उतरेगी। बिलासपुर क्रिकेट संघ के सचिव विशाल जगोता ने बताया कि भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल इस मैच का मुख्य आकर्षण होंगे। उनके अलावा टीम में सरफराज खान, मुशीर खान, तुषार देशपांडे और शम्स मुलानी जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं, जो दर्शकों को रोमांचित करेंगे। मुंबई की टीम इस मैच में कप्तान सिद्धेश लाड की अगुवाई में खेलने उतरेगी।

ऑस्ट्रेलियन स्टाइल में संवारा गया मैदान
इस बड़े मुकाबले के लिए लुहणू क्रिकेट मैदान को विशेष रूप से ऑस्ट्रेलियन स्टाइल में तैयार किया गया है। क्रिकेट पिच पूरी तरह से मुकम्मल कर ली गई है। ग्राऊंड स्टाफ और स्वयंसेवी दिन-रात एक करके मैदान की सुविधाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। दर्शकों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट का रोमांच देने के लिए मैदान के दक्षिणी छोर पर स्थित ढलानों को बैठने के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है।

दर्शकों के लिए एंट्री होगी बिल्कुल फ्री
क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि इस स्टार-स्टडेड रणजी मैच को देखने के लिए कोई टिकट नहीं लगेगा। विशाल जगोता ने स्पष्ट किया कि दर्शक इस मैच का आनंद नि:शुल्क ले सकेंगे। इसके अलावा जिले के स्कूलों, विभिन्न खेल अकादमियों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को भी यह मैच देखने के लिए विशेष निमंत्रण भेजा गया है। मेजबान और मेहमान टीमों के खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भी प्रशासन और संघ द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मुंबई रणजी टीम का स्क्वॉड
सिद्धेश लाड (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, आयुष महात्रे, दिव्यांश सक्सेना, मुशीर खान, सरफराज खान, सुवेद पारकर, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, अथर्व अंकोलेकर, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, सेलेवेस्टर डिसूजा और ओंकार तारमाले।

अनुराग ठाकुर के प्रयासों से मिली मेजबानी
सचिव विशाल जगोता ने बताया कि सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के अथक प्रयासों की बदौलत ही बिलासपुर जैसे छोटे जिले को इतने बड़े मैच की मेजबानी का अवसर मिला है। गौरतलब है कि लुहणू के इस ऐतिहासिक मैदान पर इससे पहले भी युवराज सिंह, हरभजन सिंह, वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, आशीष नेहरा और सुरेश रैना जैसे अंतर्राष्ट्रीय दिग्गज अपने हुनर का जलवा बिखेर चुके हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

