Bilaspur: अष्टमी पर 25,000 श्रद्धालुओं ने नवाया नयना देवी में शीश
punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2026 - 06:09 PM (IST)
बिलासपुर/नयना देवी, (बंशीधर/मुकेश): हिमाचल प्रदेश के विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी में शारदीय नवरात्र के अष्टमी पूजन को लेकर श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। अष्टमी पूजन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शनिवार रात से ही शुरू हो गया था। रविवार सुबह से ही माता के दरबार में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी। पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर न्यास प्रशासन ने पुख्ता प्रबंध किए थे। मंदिर परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात हैं। माता के दर्शनों के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सेवा के लिए मंदिर के मुख्य द्वार पर पंजाब के श्रद्धालुओं की ओर से ठंडे पानी की छबील लगाई गई है। रविवार को छुट्टी होने के कारण करीब 25,000 श्रद्धालु माता के दर्शनों के लिए पहुंचे थे।
आज साढ़े 10 बजे तक होगा पूजन
मंदिर के पुजारी लक्की शर्मा के अनुसार अष्टमी पूजन रविवार सुबह शुरू हो गया है और सोमवार सुबह साढ़े 10 बजे तक अष्टमी पूजन का क्रम चलेगा, वहीं मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं मेला अधिकारी एसडीएम धर्मपाल ने बताया कि मेला शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। पुलिस और प्रशासन की व्यवस्थाएं सुचारू हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

