Kangra: 7 साल से फरार महिला उद्घोषित अपराधी लुधियाना से गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 04:21 PM (IST)

इंदौरा (अजीज): पुलिस जिला नूरपुर की उद्घोषित अपराधी (पीओ) सैल को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने एनडीपीएस एक्ट के 2 मामलों में लंबे समय से फरार चल रही महिला उद्घोषित अपराधी को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार राजेश कुमारी (50) पत्नी राकेश कुमार निवासी गांव तमोटा, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा, थाना इंदौरा में वर्ष 2019 और 2020 में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के 2 मामलों में वांछित थी। आरोपी महिला के खिलाफ एफआईआर संख्या 123/2019 तथा एफआईआर संख्या 38/2020 में कार्रवाई चल रही थी।

पुलिस ने बताया कि न्यायालय में लगातार पेश न होने के कारण 20 अप्रैल 2026 को सक्षम न्यायालय द्वारा उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। इसके बाद पुलिस जिला नूरपुर के पीओ सैल ने लगातार उसकी तलाश जारी रखी और 18 जुलाई 2026 को पंजाब के टिब्बा, लुधियाना से उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी महिला का सिविल अस्पताल इंदौरा में मैडीकल परीक्षण करवाया तथा उसकी गिरफ्तारी की सूचना उसके पुत्र राजीव को दूरभाष के माध्यम से दी। इसके उपरांत महिला को सुरक्षित रूप से थाना इंदौरा के जांच अधिकारी के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News