भाजपा के 9 विधायकों को नोटिस जारी, रेल मार्ग के जरिए मध्य प्रदेश से जुड़ा हिमाचल, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Saturday, Mar 16, 2024 - 12:13 AM (IST)

शिमला (ब्यूराे): हिमाचल में आगामी 5 दिनों तक सभी इलाकों में मौसम पूरी तरह से साफ व शुष्क रहेगा। लोकसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले हिमाचल प्रदेश की सियासत राेज नई करवट ले रही है। रेल मार्ग के जरिए हिमाचल और मध्य प्रदेश आपस में जुड़ गए हैं। उच्च न्यायायल से अग्रिम जमानत पाने और बालूगंज पुलिस थाना में पुलिस जांच में शामिल होने के आदेशों के बाद हमीरपुर के निर्दलीय विधायक आशीष शर्मा और गगरेट के पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा के पिता राकेश शर्मा शुक्रवार को पुलिस थाना बालूगंज नहीं पहुंचे। भाजपा के नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन दिल्ली में भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मिले। अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव शुक्रवार दोपहर बाद राज देवता माधोराय की अगुवाई में निकली अंतिम जलेब के साथ सम्पन्न हो गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कुमारसैन का दौरा कर 4.93 करोड़ की लागत से निर्मित बस स्टैंड का लोकार्पण किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार अफरा-तफरी में एक दिन में 2-2 कैबिनेट मीटिंग कर रही है, जिससे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की बौखलाहट साफ दिख रही है। सोलन जिले के कसौली में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। चम्बा जिला के तहत नकरोड़-हिमगिरी मार्ग पर एक कार दुर्घटना में 2 लोगों की मौत हो गई। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने ऊना जिला के उपमंडल गगरेट के अंबोटा गांव में एक घर में रखे सरकारी सीमैंट के 22 बैग पकड़े।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में 5 दिन साफ रहेगा मौसम, 21 मार्च से बिगड़ सकते हैं मिजाज
हिमाचल में आगामी 5 दिनों तक सभी इलाकों में मौसम पूरी तरह से साफ व शुष्क रहेगा लेकिन 20 मार्च से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 21 मार्च से फिर मौसम बिगड़ सकता है। राज्य में पिछले 24 घंटों में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ तूफान, बिजली गिरने के साथ वर्षा व ओलावृष्टि हुई है, जिसमें बर्फबारी तो नहीं हुई लेकिन डल्हौजी में 10, धौलाकुआं में 0.5 व पालमपुर में 0.4 मिलीमीटर वर्षा रिकाॅर्ड की गई है।

हिमाचल की सियासत फिर गर्माई, भाजपा के 9 विधायकों को नोटिस जारी
लोकसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले हिमाचल प्रदेश की सियासत राेज नई करवट ले रही है। ताजा घटनाक्रम के तहत अब हिमाचल प्रदेश विधानसभा में हंगामा करने वाले भाजपा के 9 विधायकों को नोटिस जारी किए गए हैं। विधानसभा सचिवालय की तरफ से ये नोटिस कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी की शिकायत पर किए गए हैं। 

रेल मार्ग के जरिए मध्य प्रदेश से जुड़ा हिमाचल, केंदीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ऊना से ट्रेन काे दिखाई हरी झंडी
रेल मार्ग के जरिए हिमाचल और मध्य प्रदेश आपस में जुड़ गए हैं। इन ऐतिहासिक पलों के गवाह रेलवे स्टेशन ऊना पर सैंकड़ों लोग बने। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ऊना हिमाचल और इंदौर के बीच सप्ताह में 2 दिन चलने वाली इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर विधिवत रूप से शुक्रवार दोपहर 1.50 बजे रवाना किया। वहीं अनुराग ठाकुर ने ऊना रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का रिबन काटकर उद्घाटन किया।

बालूगंज पुलिस थाना में पेश नहीं हुए निर्दलीय विधायक व पूर्व विधायक के पिता, वकीलों ने दी ये दलील
उच्च न्यायायल से अग्रिम जमानत पाने और बालूगंज पुलिस थाना में पुलिस जांच में शामिल होने के आदेशों के बाद हमीरपुर के निर्दलीय विधायक आशीष शर्मा और गगरेट के पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा के पिता राकेश शर्मा शुक्रवार को पुलिस थाना बालूगंज नहीं पहुंचे। इनकी जगह पर दोनों के वकील इस दलील के साथ उपस्थित हुए कि दोनों बीमार चल रहे हैं और अनफिट होने के कारण वे पुलिस जांच में सहयोग नहीं कर सकते हैं।

कांग्रेस सरकार ने एक बार फिर महिलाओं को दिया धोखा : हर्ष महाजन
भाजपा के नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन दिल्ली में भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मिले। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की, साथ ही उन्होंने यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने एक बार फिर महिलाओं को धोखा दिया है।

राज देवता माधोराय की अंतिम जलेब के साथ मंडी का अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव संपन्न
अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव शुक्रवार दोपहर बाद राज देवता माधोराय की अगुवाई में निकली अंतिम जलेब के साथ सम्पन्न हो गया। महाशिवरात्रि महोत्सव के समापन से पहले शुक्रवार सुबह चौहटा में सैंकड़ों देवी-देवता एक साथ विराजमान हुए और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। श्रद्धालुओं को देवताओं के पुजारियों ने आशीर्वाद में रूप में चावल व फूल प्रदान किए। 

कुमारसैन में खुलेगा HRTC का सब डिपो, सीएम सुक्खू ने बस स्टैंड का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने शुक्रवार को कुमारसैन का दौरा किया इस दौरान उन्होंने 4.93 करोड़ की लागत से निर्मित बस स्टैंड का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधायक कुलदीप सिंह राठौर की मांग पर कुमारसैन में एचआरटीसी का सब डिपो खोलने की घोषणा की। 

सरकार अफरा-तफरी में एक दिन में 2-2 बार कर रही है कैबिनेट मीटिंग : जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार अफरा-तफरी में एक दिन में 2-2 कैबिनेट मीटिंग कर रही है, जिससे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की बौखलाहट साफ दिख रही है। कैबिनेट बैठकों में पूरे मंत्री भी शामिल नहीं हो पा रहे हैं और युवाओं की बजाय अपने चहेतों को नौकरी देकर एडजस्ट किया जा रहा है।

सोलन: जामली में पत्नी की ह.त्या के बाद पति ने फंदा लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
सोलन जिले के कसौली में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी गौरव सिंह के अनुसार उपप्रधान ग्राम पंचायत कोटबेजा ने थाना कसौली में सूचना दी कि गांव जामली में एक व्यक्ति ने फंदा लगा लिया है, साथ ही एक महिला भी खेत में मृत अवस्था में पड़ी है।

दर्दनाक हादसा: 400 मीटर खाई में लुढ़कती हुई नदी में गिरी कार, 2 लोगों की मौ.त
नकरोड़-हिमगिरी मार्ग पर एक कार दुर्घटना में 2 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान साहब दीन पुत्र गुलाम मुहमद निवासी गांव करमूण्ड डाकघर टिकरीगढ़ व मदन कुमार पुत्र चतर सिंह निवासी गांव हंगोई डाकघर भड़ेला के रूप में हुई है। पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। 

विजिलैंस ने यहां घर से पकड़े सरकारी सीमैंट के 22 बैग, 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने उपमंडल गगरेट के अंबोटा गांव में एक घर में रखे सरकारी सीमैंट के 22 बैग पकड़े। विजीलैंस की टीम ने घर से सरकारी सीमैंट के 3 जले हुए खाली बैग भी बरामद किए हैं। इस संबंध में विजिलैंस ने 2 लोगों को नामजद कर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News