सुप्रीम कोर्ट में बागी विधायकों के मामले पर सुनवाई 12 को, माधोराय की शाही जलेब के साथ अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महाेत्सव शुरू, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Saturday, Mar 09, 2024 - 11:46 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के 6 बागियों से जुड़े मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई 12 मार्च को होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार सुप्रीम कोर्ट में कोर्ट नंबर-2 में केस नंबर डब्ल्यू.पी.(सी.) नंबर 156/2024 चैतन्य शर्मा एंड अदर वर्सिज/स्पीकर एच.पी. के नाम से आइटम नंबर 36 पर लिसिटेड है। इस बीच कांग्रेस के 6 बागी अब 3 निर्दलीय विधायकों के साथ पंचकूला से उत्तराखंड के लिए शिफ्ट हो चुके हैं। उनके सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दिन दिल्ली या उसके आसपास रहने की संभावना है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे कोर्ट में पेश हो सकें। उधर, बागी पहले ही यह आरोप लगा चुके हैं कि उनकी सदस्यता समाप्त करने का निर्णय अफरा-तफरी में लिया गया है, जिसे सब जानते हैं। छोटी काशी मंडी में शनिवार को 7 दिवसीय शिवरात्रि महोत्सव का आगाज राजदेवता माधोराय की शाही जलेब के साथ हुआ। अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2024 की प्रथम शाही जलेब में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिरकत की। माधोराय की जलेब में सबसे आगे पुलिस के घुड़सवार पुलिस और होमगार्ड बैंड, पुलिस के जवान, महिला पुलिस, होमगार्ड, पूर्व सैनिक लीग की टुकड़ियों के साथ-साथ सांस्कृतिक छटा बिखेरते सांस्कृतिक दलों ने भी राजदेवता की जलेब में शिरकत की। डी.सी. कार्यालय परिसर से शुरू हुई राजदेवता माधोराय की जलेब पड्डल मैदान में पहुंची। यहां पर मुख्यमंत्री ने ध्वजारोहण कर शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ किया।

 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
सुप्रीम कोर्ट में बागियों के मामले पर सुनवाई 12 को
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के 6 बागियों से जुड़े मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई 12 मार्च को होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार सुप्रीम कोर्ट में कोर्ट नंबर-2 में केस नंबर डब्ल्यू.पी.(सी.) नंबर 156/2024 चैतन्य शर्मा एंड अदर वर्सिज/स्पीकर एच.पी. के नाम से आइटम नंबर 36 पर लिसिटेड है। इस बीच कांग्रेस के 6 बागी अब 3 निर्दलीय विधायकों के साथ पंचकूला से उत्तराखंड के लिए शिफ्ट हो चुके हैं। उनके सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दिन दिल्ली या उसके आसपास रहने की संभावना है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे कोर्ट में पेश हो सकें। उधर, बागी पहले ही यह आरोप लगा चुके हैं कि उनकी सदस्यता समाप्त करने का निर्णय अफरा-तफरी में लिया गया है, जिसे सब जानते हैं।

माधोराय की शाही जलेब के साथ अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महाेत्सव शुरू
छोटी काशी मंडी में शनिवार को 7 दिवसीय शिवरात्रि महोत्सव का आगाज राजदेवता माधोराय की शाही जलेब के साथ हुआ। अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2024 की प्रथम शाही जलेब में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिरकत की। माधोराय की जलेब में सबसे आगे पुलिस के घुड़सवार पुलिस और होमगार्ड बैंड, पुलिस के जवान, महिला पुलिस, होमगार्ड, पूर्व सैनिक लीग की टुकड़ियों के साथ-साथ सांस्कृतिक छटा बिखेरते सांस्कृतिक दलों ने भी राजदेवता की जलेब में शिरकत की। डी.सी. कार्यालय परिसर से शुरू हुई राजदेवता माधोराय की जलेब पड्डल मैदान में पहुंची। यहां पर मुख्यमंत्री ने ध्वजारोहण कर शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ किया।

12 व 13 को रहेगा गरज के साथ बर्फबारी व वर्षा का यैलो अलर्ट
प्रदेश में 12 व 13 मार्च को गरज के साथ बर्फबारी व वर्षा का यैलो अलर्ट रहेगा। ऐसे में एक बार फिर लोगों को बर्फबारी व वर्षा का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार व सोमवार को मौसम साफ व शुष्क रहेगा, जबकि 12 मार्च से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है और इस दौरान उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 13 मार्च को कुछ स्थानों पर हिमपात व वर्षा होने की संभावनाएं हैं। 14 मार्च को भी इसका असर देखने को मिल सकता है, लेकिन 15 मार्च से प्रदेश में मौसम फिर से साफ हो जाएगा। शनिवार को राजधानी शिमला सहित अधिकांश इलाकों में खिली धूप से अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ है। प्रदेश में सामान्य से औसतन तापमान में 1.4 डिग्री की वृद्धि हुई है और ऊना में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री व शिमला में 19 डिग्री रहा। शिमला में सामान्य से औसतन 3.1 डिग्री तापमान में इजाफा हुआ है।

गडरिये की भेड़ों की तरह घुमाए जा रहे बागी : सुक्खू
गडरिये द्वारा भेड़ों की तरह कांग्रेस के अयोग्य घोषित 6 बागी विधायकों को घुमाया जा रहा है। यह बात शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ समारोह में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पंचकूला से अब बागी विधायकों को ऋषिकेश में भेड़ों की तरह गडरिये द्वारा एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आखिरकार ऐसी कौन सी वजह है कि पंचकूला के 5 सितारा होटल से भाजपा चार्टर्ड प्लेन से देहरादून ले गई और वहां ऋषिकेश में एक 7 स्टार होटल में रखा है। उन लोगों ने अंतरात्मा की नहीं बल्कि धन आत्मा की पुकार सुनी और पार्टी तथा जनता को धोखा दिया। उन्होंने कहा कि नेता कोई बढ़ा नहीं होता है जनता के हाथ में ताकत होती है।

डा. मोनिका भुटुंगरू क्रैनफील्ड यूनिवर्सिटी मेें देंगी साइबर खतरों के नवीन समाधानों में योगदान
2014 आई.पी.एस. बैच की महिला अधिकारी डा. मोनिका भुटुंगरू युनाइटेड किंगडम (यू.के.) की क्रैनफील्ड यूनिवर्सिटी में साइबर सुरक्षा में विशेष प्रशिक्षण और कोर्स वर्क का प्रशिक्षण हासिल करके साइबर खतरों से निपटने के लिए नवीन समाधानों के विकास में योगदान करेंगी। यू.के. सरकार द्वारा दी जाने वाली प्रतिष्ठित शैवेनिंग इंडिया साइबर सिक्योरिटी फैलोशिप से वह नवाजी गई है।

12 मार्च को 24 घंटे के लिए बंद हो सकती है 108 व 102 एम्बुलैंस सेवा
हिमाचल में 12 मार्च को आपातकालीन 108 व 102 एम्बुलैंस सेवाएं 24 घंटे के लिए बंद रह सकती हैं। इसके लिए यूनियन सोमवार को डी.सी. के माध्यम से सरकार को मांगों संबंधी ज्ञापन सौंपेगी और 24 घंटे का समय इन मांगों को पूरा करने के लिए देगी। मांगें पूरी नहीं हुईं तो यूनियन के आह्वान पर प्रदेश में मंगलवार को 24 घंटे के लिए एम्बुलैंस सेवाएं बंद मिलेंगी। यूनियन का कहना है कि अथॉरिटी ने उनका न्यूनतम वेतन 17,235 रुपए तय किया है, लेकिन उन्हें 13,500 रुपए ही मिल रहे हैं। प्रदेश में 1,800 के करीब कर्मचारी हैं, जो मंगलवार को 24 घंटों के लिए अपनी सेवाएं बाधित रखेंगे।

22,000 आपदा प्रभावितों को दी गई वित्तीय सहायता : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को यहां कहा कि 22,000 से अधिक आपदा प्रभावित परिवार प्रदेश सरकार द्वारा राहत एवं पुनर्वास के लिए लाए गए 4,500 करोड़ रुपए के विशेष राहत पैकेज से लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि पूरी तरह से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 2,968 परिवारों को 3 लाख रुपए की पहली किस्त प्रदान की गई है तथा शेष सहायता राशि के रूप में शीघ्र ही उन्हें 4 लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्तीय सहायता सरकार द्वारा संशोधित मानदंडों के अनुसार जारी की गई है, जिसके तहत राहत पैकेज में कई गुना वृद्धि की गई है।

चुनाव के ठीक पहले ही क्यों कांग्रेस को याद आती है महिला सम्मान निधि: जयराम
कांग्रेस सरकार हिमाचल में चुनाव आते ही एक बार फिर प्रदेश की जनता को प्रलोभन देने में जुट गई है। यह बात शनिवार को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी बयान में कही। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा पर शक होना लाजिमी है। लोकसभा चुनाव के चक्कर में इस तरह के प्रलोभन फिर से दिए जा रहे हैं। यदि गणित लगाएं तो 300 करोड़ रुपए तो महीने का ही देना होगा, बाकी 11 महीने गुजारा कैसे होगा। अगर जैसा वह कह रहे हैं कि सभी महिलाओं को महिला सम्मान निधि देंगे तो उसके लिए असलियत में सालाना 3,960 करोड़ रुपए की जरूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि क्यों जनता को फिर से गुमराह किया जा रहा है।

राष्ट्रीय लोक अदालत में 83,365 मामलों में से 34,098 का किया निवारण
प्रदेशभर में शनिवार को आयोजित हुई राष्ट्रीय लोक अदालत में 34,098 मामलों का मौके पर निवारण किया गया और इनमें 101 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति दावेदारों को वसूल करवाई गई। राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए 83,365 मामलों की पहचान की गई थी, जिसका विभिन्न पीठों के माध्यम से निवारण किया गया। प्री-लिटिगेशन और लंबित मामलों के लिए हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक न्यायमूर्ति ममीदन्ना सत्य रतन रामचंद्र राव और प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान के मार्गदर्शन में इन राष्ट्रीय लोक अदालतों का आयोजन किया गया।

मृत अवस्था में मिले तेंदुओं के नाखून गायब, पोस्टमार्टम में खुलासा
उपमंडल रामपुर के डंसा क्षेत्र में मृत अवस्था में मिले तेंदुओं के नाखून गायब होने का खुलासा हुआ है। यह खुलासा पोस्टमार्टम के दौरान हुआ है। तेंदुए के नाखून गायब होने से वन विभाग ने इस मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। इसके अलावा एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें तेंदुआ तड़पता हुआ नजर आ रहा है। इसके अलावा वन विभाग ने पुलिस थाना रामपुर में मृत अवस्था में तेंदुए की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जानकारी के अनुसार तेंदुए के शरीर से 7 नाखून गायब हैं।
 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News