Una: वन संपदा की अवैध तस्करी की बड़ी काेशिश नाकाम, विभाग ने प्रतिबंधित लकड़ी से लदी गाड़ियां पकड़ीं

punjabkesari.in Sunday, Jun 22, 2025 - 07:16 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): वन विभाग की टीम ने ज्वार क्षेत्र में प्रतिबंधित वन प्रजातियों को अवैध रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाते हुए 2 वाहनों को पकड़ा है। यह कार्रवाई शनिवार रात को अमल में लाई गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों वाहन हमीरपुर मंडल के अधीन पड़ते नादौन क्षेत्र से रवाना हुए थे और इनका संबंध वन संपदा की अवैध तस्करी से है।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात्रि वन खंड अधिकारी रंजीत सिंह, वनरक्षक मुनीश कुमार और वनरक्षक अजय कुमार पर आधारित विभागीय टीम ने ज्वार में लगाए गए नाके के दौरान तिरपाल से ढके हुए दोनों वाहनों को रोका। जांच के दौरान उनमें कैम्बल रजैण व कामल सहित प्रतिबंधित प्रजातियों की लकड़ी बरामद हुई। सूत्रों के अनुसार पकड़े गए वाहनों में जिस तरह की वन संपदा लदी थी, वह भारतीय वन अधिनियम, 1927 और हिमाचल प्रदेश ट्रांजिट नियम, 2013 का उल्लंघन करती है। मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को वन विभाग के नियंत्रण में ले लिया।

वन रेंज अधिकारी अम्ब राहुल ठाकुर ने बताया कि विभाग ने प्रतिबंधित लकड़ी से लोड दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इन प्रजातियों का स्रोत क्या था और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था, साथ ही इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी तहकीकात भी की जा रही है।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News