Una: पड़ोसी राज्य में हाे रही थी प्रतिबंधित लकड़ी की तस्करी, वन विभाग ने की बड़ी कार्रवाई
punjabkesari.in Friday, Jul 04, 2025 - 06:35 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): ऊना जिला के उपमंडल अम्ब में वन विभाग की टीम ने शुक्रवार सुबह गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 5 वाहनों को जब्त किया है। ये वाहन प्रतिबंधित प्रजातियों की लकड़ी सिरस व कैबल आदि से लदे हुए थे। यह कार्रवाई अम्ब-मुबारिकपुर मार्ग तथा नादौन-अम्ब सड़क पर नाकों के दौरान की गई। जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम ने रात 2 से सुबह 6 बजे तक नाका लगाकर गश्त अभियान चलाया।
इस दौरान हमीरपुर और कांगड़ा से आ रहे संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई और 5 वाहन प्रतिबंधित प्रजातियों की लकड़ी सहित पकड़े गए। इस पूरी कार्रवाई में वन रक्षक दिनेश कुमार, बलदेव कुमार, तरसेम व अजय कुमार शामिल रहे जिन्होंने सतर्कता और साहस के साथ सफलता हासिल की। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि पकड़े गए वाहनों में प्रतिबंधित लकड़ी की प्रजातियां लोड थीं, जिन्हें बिना अनुमति परिवहन किया जा रहा था। वन विभाग द्वारा सभी वाहनों को जब्त कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार वन विभाग को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि प्रदेश के कुछ इलाकों से अवैध रूप से लकड़ी काटकर रात के समय पड़ोसी राज्य को तस्करी की जा रही है। इसके मद्देनजर विभाग ने रणनीतिक रूप से नाके लगाकर छापेमारी की। वन विभाग ने चेतावनी दी है कि किसी भी व्यक्ति को अवैध कटान और तस्करी में शामिल नहीं होने दिया जाएगा। विभाग जल्द ही इन मामलों में संलिप्त बड़े नैटवर्क को भी बेनकाब करेगा।
वन रेंज अधिकारी राहुल ठाकुर ने बताया कि फिलहाल सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया है। जांच की जा रही कि यह लकड़ी कौन से स्थान से आई है। जांच में क्राॅस चैक किया जाएगा कि यह लकड़ी निजी जंगल से काटी गई है या सरकारी भूमि से कटे हुए पेड़ तो नहीं हैं। उसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। वन संपदा की अवैध तस्करी पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक