68 दिनों के बाद शुरू हुआ धर्मशाला रोपवे, भूस्खलन के चलते रोका गया था संचालन
punjabkesari.in Wednesday, Nov 05, 2025 - 12:58 PM (IST)
धर्मशाला, (जिनेश): दो महीने पहले धर्मशाला-मैक्लोडगंज के एरिया में हुए भूस्खलन के चलते और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से धर्मशाला रोपवे पर लगाई गई अस्थायी रोक के बाद अब धर्मशाला रोपवे कंपनी ने रोपवे का संचालन सरकार से एन.ओ.सी. मिलने के बाद शुरू कर दिया है। तकरीबन 68 दिनों के बाद रोपवे का संचालन हुआ है। इसका संचालन शुरू होने के चलते अब पर्यटकों व स्थानीय कारोबारियों ने राहत की सांस ली है।
कई पर्यटक रोपवे के चलते धर्मशाला-मैक्लोडगंज का रुख करते हैं। जानकारी के अनुसार रोपवे का संचालन कंपनी द्वारा अपनी जिम्मेदारी पर करवाने को लेकर जिला प्रशासन ने कहा है। रोपवे के संचालन को लेकर एस.डी.एम. धर्मशाला की अध्यक्षता में बनी कमेटी व लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन ने कंपनी को अपनी जिम्मेदारी पर संचालन को दिया है। वहीं रोपवे का संचालन कर रही कंपनी ने आई.आई.टी. मुम्बई के साथ-साथ आई.आई.टी. कानपुर से भी रोपवे के संचालन को लेकर रिपोर्ट ली है तथा रिपोर्ट आने के बाद कंपनी ने संचालन को शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार जब प्रशासन ने धर्मशाला रोपवे के संचालन को भूस्खलन के चलते अस्थायी तौर पर बंद किया था, तो उसके संचालन करने के लिए तकनीकी सर्वे रिपोर्ट को एस.डी.एम. धर्मशाला की अध्यक्षता वाली कमेटी को रिपोर्ट को 2 दिनों के भीतर जमा करवाने के लिए कहा गया था। एस.डी.एम. की अध्यक्षता वाली कमेटी ने इस बारे में अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को जमा करवा दी थी तथा उसके बाद डी.सी. कांगड़ा ने रोपवे के संचालन को हरी झंडी देने के लिए पी.डब्ल्यू.डी. की कमेटियां बनाकर रिपोर्ट को अध्ययन करने को कहा गया था।
इसके लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा 3 कमेटियां अलग-अलग बनाई थीं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की मानें तो उनके द्वारा रिपोर्ट को जिला प्रशासन को जमा करवा दिया गया है। रिपोर्ट में रोपवे के खंभों को किसी भी प्रकार का खतरा नहीं बताया गया है। गौरतलब है कि 20 अगस्त को धर्मशाला में भारी बारिश के कारण रोपवे के पिल्लर के पास भूस्खलन हुआ था जिससे रोपवे की गतिविधियां रोक दी गईं थीं।
पिल्लर नंबर 5 को पैदा हुआ था खतरा
आदेश में कहा गया है कि उपमंडलाधिकारी (नागरिक) धर्मशाला की रिपोर्ट के अनुसार, पिल्लर संख्या 5 के समीप भूस्खलन हुआ है, जिससे रोपवे संचालन यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकता था। डी. सी. ने रोपवे संचालन एजैंसी को आदेश की पूर्ण अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
दिनेश नेगी, एच.ओ. डी. धर्मशाला रोपवे का कहना है कि आई.आई.टी. की रिपोर्ट व सरकार की एन.ओ.सी. मिलने के बाद रोपवे का संचालन शुरू कर दिया गया है।
हेमराज बैरवा, डी. सी. कांगड़ा का कहना है कि बरसात में हुए भूस्खलन के बाद धर्मशाला रोपवे का संचालन अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया था। अब अपनी जिम्मेदारी पर रोपवे को शुरू करने को कहा गया है।

