Weather update: चोटियों पर ताजा हिमपात, दो दिन फिर बर्फबारी के आसार

punjabkesari.in Monday, Dec 15, 2025 - 09:50 PM (IST)

शिमला (संतोष): एक ताजा कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से जहां राज्य की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया, वहीं सोमवार को प्रदेश की राजधानी शिमला सहित ऊना व सोलन में अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ। राज्य के रोहतांग दर्रा से लेकर लाहौल-स्पीति में हल्की बर्फबारी हुई है। हालांकि सूखी व शुष्क ठंड से राज्य के जनजातीय इलाकों में पारा शून्य से नीचे बना हुआ है, जबकि मध्य इलाकों में ठंडी हवाओं का डेरा जमा हुआ है। लंबे समय से बारिश और बर्फबारी न होने के कारण प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में सूखी ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ 17 दिसम्बर से सक्रिय तो होगा, लेकिन यह कमजोर रहेगा। इसका असर मुख्य रूप से 20 और 21 दिसम्बर को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। इन दो दिनों के दौरान लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कांगड़ा और कुल्लू के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है। राज्य के मैदानी और मध्यवर्ती इलाकों में अगले 6 दिनों तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बिलासपुर और मंडी जिलों के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों के लिए घने कोहरे का यैलो अलर्ट जारी किया है। विशेषकर बिलासपुर के भाखड़ा डैम क्षेत्र और मंडी की बल्ह घाटी में देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री सैल्सियस अधिक दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 5.7 डिग्री और ताबो में माइनस 2.7 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। इन स्थानों पर प्राकृतिक जलस्त्रोत जम गए हैं। केलांग में भी पारा शून्य से नीचे माइनस में चला हुआ है। इस बीच आज सोमवार को प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बिलासपुर और मंडी में सुबह के समय कोहरा देखने को मिला। इसके अलावा अन्य इलाकों में दिन के समय धूप खिली रही।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News