Kangra: डीएलएड में प्रवेश के लिए काऊंसलिंग 21 अगस्त से

punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 07:22 PM (IST)

धर्मशाला (सुनील): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने डीएलएड सीईटी-2026 के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2026-28 में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रवेश परीक्षा की मैरिट के आधार पर सरकारी डाईट संस्थानों और निजी मान्यता प्राप्त शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में सीटें आबंटित की जाएंगी। काऊंसलिंग 21 से 31 अगस्त तक बोर्ड मुख्यालय धर्मशाला में रोजाना सुबह 10 बजे से होगी। बोर्ड ने चयनित अभ्यर्थियों की तिथिवार सूची और श्रेणीवार सीटों का विवरण वैबसाइट पर जारी कर दिया है। अभ्यर्थियों को 10वीं-12वीं के प्रमाण-पत्र, हिमाचली मूल निवास प्रमाण-पत्र, आरक्षित श्रेणी के मूल दस्तावेज व सत्यापित प्रतियां तथा वैबसाइट से डाऊनलोड किया हुआ बायोडाटा फॉर्म साथ लाना होगा।

ईडब्ल्यूएस, ओबीसी और एक्स-सर्विसमैन के वार्ड श्रेणी के अभ्यर्थियों को सक्षम अधिकारी द्वारा जारी सत्यापित एफिडैविट भी प्रस्तुत करना होगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि काऊंसलिंग में मैरिट और सीट उपलब्धता के आधार पर अभ्यर्थी को केवल एक बार सीट आबंटित की जाएगी। इसलिए संस्थान का चयन सोच-समझकर करने की सलाह दी गई है। इस संबंध में बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और मैरिट आधारित रखी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News