CM सुक्खू ने भाजपा पर साधा निशाना, महिलाओं को 1500 रुपए देने को लेकर कही बड़ी बात

punjabkesari.in Tuesday, Apr 16, 2024 - 06:39 PM (IST)

शिमला (राक्टा): प्रदेश भाजपा जितना भी जोर लगा ले, वह कांग्रेस सरकार की घोषणा के अनुरूप महिलाओं को हर माह इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत दी जाने वाली 1500 रुपए की राशि को नहीं रुकवा सकती। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को प्रदेश पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव आयोग से 1500 रुपए की राशि महिलाओं को जारी करने की अनुमति मांगी है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पिछले वर्ष स्पीति घाटी से इसकी शुरूआत की थी और इस वर्ष पहले लाहौल घाटी में इसे शुरू किया तथा अप्रैल माह से राज्य की 9 लाख महिलाओं को 1500 रुपए मिलने थे लेकिन भाजपा ने निर्वाचन आयोग के पास जाकर इसे रोकने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने वायदे पर कायम है और यदि इसकी अनुमति नहीं मिली तो जून महीने में 2 महीने के 3 हजार रुपए एक साथ जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महिलाएं इसके लिए फार्म भरें व कार्यालय में जमा करवाएं। यदि फार्म नहीं लिए जाते तो कांग्रेस विधायकों के पास फार्म जमा करवाएं। सीएम ने कहा कि जैसे पीएम किसान निधि योजना है, उसी तर्ज पर महिलाओं के लिए राज्य सरकार यह राशि जारी कर रही है। जब पीएम किसान योजना की किस्त जारी की जा सकती है तो फिर महिलाओं के लिए राशि जारी क्यों नहीं करने दी जा रही है।

जो बिक गए, वे जनता के सच्चे सेवक नहीं हो सकते
इसके साथ ही सीएम ने कांग्रेस के बागी पूर्व विधायकों पर राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि जो बिक गए, वे जनता के सच्चे सेवक नहीं हो सकते। सीएम ने दावा किया कि प्रदेश की जनता मन बना चुकी है कि वह उपचुनाव में बिकने वाले और खरीदने वाले दोनों को कड़ा सबक सिखाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जनता ठान ले और कांग्रेस उम्मीदवारों को जिताए तो यही भाजपा के लिए सच्चा सबक होगा। इसका पूरे देश में भी एक संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की भावनाएं भाजपा के षड्यंत्र के बाद कांग्रेस के साथ हैं और पार्टी लोकसभा की सभी चारों सीटों के साथ ही विधानसभा के सभी 6 उपचुनाव जीत दर्ज करेगी। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ ही मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

नेता प्रतिपक्ष दिन में देख रहे सपने, वैज्ञानिक ढूंढ रहे बीमारी का इलाज
सीएम सुक्खू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर दिन में ही मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष को एक तरह से उन्हें दिन में सपने देखने की बीमारी हो चुकी है और अभी इस बीमारी का इलाज वैज्ञानिक ढूंढ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब चुनावी परिणाम आएंगे तो इनके सपने चूर-चूर हो जाएंगे।

राज्यसभा सीट चुराने का जवाब देगी जनता
सीएम ने कहा कि जिस तरह भाजपा ने राज्यसभा सीट चुराई है, जनता इसका जवाब लोकसभा की चारों सीटें और विधानसभा उपचुनाव में सभी 6 सीटें कांग्रेस की झोली में डाल कर देंगी। इसके साथ ही सीएम ने भाजपा को अभद्र भाषा से परहेज करने और मुद्दों पर बात करने की सलाह भी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धन बल के दम पर सत्ता हासिल करने के मंसूबे पाले हुए है, लेकिन उसे इनमें सफलता नहीं मिलेगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News