जयराम ने साधा निशाना, बोले-मैं CM सुक्खू की जगह होता तो राज्यसभा चुनाव हारने पर देता त्यागपत्र

punjabkesari.in Wednesday, Apr 10, 2024 - 09:09 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्हें नहीं बल्कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को सत्ता का मोह है। यदि उनके मुख्यमंत्री काल में राज्यसभा की सीट हारी होती वह सत्ता छोड़ देते। इसलिए मुख्यमंत्री को राज्यसभा की सीट हारने पर ही नैतिकता के आधार पर अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए था। जयराम ठाकुर ने सोलन में पत्रकार वार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी से चिपके रहने की लालसा में भाजपा के 15 विधायकों को निलम्बित कर बजट पारित करवाया जबकि सरकार के पास कोई बहुमत नहीं था। उन्होंने कहा कि मंडी से कंगना रणौत के चुनाव लड़ने से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह चुनावी मैदान छोड़कर चली गईं। अब विक्रमादित्य सिंह को झाड़ पर चढ़ा दिया गया है कि मंडी से चुनाव लड़ने पर वह राष्ट्रीय नेता बन जाएंगे। विक्रमादित्य सिंह ने कंगना को लेकर जो व्यक्तिगत टिप्पणी की है वह उन्होंने संकलित करके रखी हुई है, वह जवाब उन्हें देना होगा। कांग्रेस पार्टी की एक नेत्री ने मंडी का जिक्र किस संदर्भ में किया है वह जबाव उन्हें देना होगा।

मुख्यमंत्री को अब हमीरपुर में क्यों लग रहा है डर 
जयराम ने कहा कि मुख्यमंत्री नहीं बताएंगे कि मैंने अपने नेता से कब मिलना है या नहीं। जब वह मुख्यमंत्री थे तब भी वह अक्सर हमीरपुर जाते थे और समीरपुर में जाकर पूर्व मुख्यमंत्री व पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार धूमल से मिलते थे और आज भी मिलते हैं। आज मुख्यमंत्री हमीरपुर में जिन योजनाओं का उद्घाटन कर रहे हैं वे उनकी सरकार की ही योजनाएं हैं। वह आज हमीरपुर की बात कर रहे हैं कि उनके मित्र तो ऐसा कह रहे कि मुख्यमंत्री अगला चुनाव तो शिमला से लड़ेंगे। मुख्यमंत्री को अब हमीरपुर में डर क्यों लग रहा है, यह उन्हें स्पष्ट करना चाहिए।

कांग्रेस को नहीं मिल रहे मजबूत प्रत्याशी
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हिमाचल में मजबूत प्रत्याशी उतारने की बात तो कह रही है लेकिन असल स्थिति यह है कि उन्हें चुनाव लड़ाने के लिए प्रत्याशी तक नहीं मिल रहे। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस को कोई मजबूत प्रत्याशी नहीं मिल रहा है। कांगड़ा में भी कांग्रेस की यही स्थिति है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद सरकार का जाना लगभग तय है। भाजपा 4 लोकसभा सीटों के साथ 6 विधानसभा क्षेत्रों में हो रहा उपचुनाव भी जीतेगी। 6 सीपीएस का मामला माननीय उच्च न्यायालय में चला हुआ है। सरकार की आने वाले दिनों में मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।

बीबीएन में एक लैंड यूज बदलने की करोड़ों रुपए की हो रही डील
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में एक उद्योगपति से भूमि का लैंड यूज बदलने के लिए करोड़ों रुपए की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले का जल्द खुलासा करेंगे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News