सीएम सुक्खू ने लिया तिरुपति बालाजी का आशीर्वाद, परिवार संग की पूजा-अर्चना

punjabkesari.in Sunday, Mar 31, 2024 - 07:12 PM (IST)

शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को परिवार संग तिरुपति बालाजी का आशीर्वाद लिया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी और मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान भी मौजूद रहे। सीएम सोमवार को शिमला लौट सकते हैं। तय शैड्यूल के अनुसार मुख्यमंत्री सोमवार को तिरुपति एयरपोर्ट से बेंगलुरु के केंपेगौड़ा इंटरनैशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और यहां से दोपहर बाद चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरेंगे। वह शाम करीब 7 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। माना जा रहा है कि वह चंडीगढ़ से देर शाम शिमला के लिए रवाना हो सकते हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट डालकर भाजपा पर सियासी हमला बोला है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि भाजपा आज साम, दाम, दंड, भेद हर हथकंडे का इस्तेमाल कर लोकतंत्र पर हमला कर रही है और देशभर में यह हो रहा है। देवभूमि में भी लोकतंत्र की परंपरा पर धनबल का प्रहार किया जा रहा है। ऐसे में आज हमारी जिम्मेदारी है कि हम मिलकर जनता की आवाज और लोकतंत्र पर हो रहे इस हमले के खिलाफ आवाज उठाएं। 

निजी स्वार्थ और लालच के गंदे प्रदर्शन को देख रही जनता 
सीएम ने एक अन्य पोस्ट में लिखा है कि राजनीति में आया राम-गया राम और खरीद-फरोख्त की प्रथा को हवा वही लोग देते हैं, जिन्हें जनता द्वारा दिए गए जनादेश और जिम्मेदारी की कोई परवाह नहीं होती। जनता पर फिर से चुनाव का बोझ डालकर और खुद के लालच व स्वार्थ के चलते लोकतंत्र को कुचलकर भाजपा व स्वार्थी जनप्रतिनिधि सबसे ज्यादा नुक्सान जनता का कर रहे हैं। उन्होंने लिखा है कि निजी स्वार्थ और लालच के गंदे प्रदर्शन को जनता देख रही है। जनता जवाब देगी।

अब चुनावी प्रचार में जुट जाएंगे सीएम
तिरुपति बालाजी का आशीर्वाद लेने के बाद सीएम अब लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के लिए मैदान में उतरेंगे। माना जा रहा है कि 6 अप्रैल को दिल्ली में होने वाली बैठक के बाद कांग्रेस अपने प्रत्याशी घोषित कर देगी, जिसके बाद सत्ता-संगठन के नेता एकजुट होकर चुनावी मैदान में कूद जाएंगे। इसी कड़ी में सी.एम. की ऊना जिला के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत बंगाणा में चुनावी रैली आयोजित हो सकती है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News