सीएम सुक्खू ने कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में फूंका चुनावी बिगुल, बागियों व भाजपा पर साधा निशाना

punjabkesari.in Thursday, Mar 14, 2024 - 07:12 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): लोकसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में चुनावी बिगुल फूंक दिया। जयसिंहपुर, पालमपुर तथा सुलह विधानसभा क्षेत्र में अपने प्रवास के दौरान उन्होंने न केवल कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने के लिए भाजपा पर धन बल के उपयोग का आरोप लगाया अपितु बागी विधायकों पर कांग्रेस से छल करने का आरोप लगाते हुए जनता से लोकसभा चुनाव में ऐसे सभी लोगों को धूल चटाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने बार-बार अपने संबोधन में जनता से हाथ उठाकर भाजपा तथा बागियों को हिमाचल की संस्कृति तथा देव परंपराओं को चोट पहुंचाने के नाम पर सबक सिखाने का आह्वान किया। बकौल मुख्यमंत्री जो लोग जनता के वोट से सत्ता प्राप्त करने में असफल रहे अब वे नोट के सहारे सत्ता प्राप्त करने का कुचक्र रच रहे हैं। 

अगर अपना कोई वजूद तो निर्दलीय चुनाव लड़ें बागी
मुख्यमंत्री ने इशारों ही इशारों में कहा कि जो धन बल के आगे बिक गए वे किसी भी सूरत में आम जनता के हितैषी नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि बागी कभी पंचकूला, कभी हरिद्वार, कभी ऋषिकेश तो कभी गुड़गांव में आलीशान होटल में रह रहे हैं, उनके लिए इतना धन खर्च करने के पीछे भाजपा का हाथ है तथा पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सत्ता हथियाने के लिए हर हथकंडा अपना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी लोग कांग्रेस के चुनाव चिन्ह पर चुनाव जीतकर आए थे तथा इनका अपना कोई वजूद नहीं है यदि इनका कोई अपना वजूद है तो वह निर्दलीय चुनाव जीत कर बताएं। मुख्यमंत्री ने विपक्ष और बागी विधायकों पर कटाक्ष किया और कहा कि वे अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें चेतावनी दी कि जनता की राय का अपमान करने और अस्थिरता पैदा करने का प्रयास करने वालों को जनता निश्चित रूप से सबक सिखाएगी।

जयसिंहपुर में दलित तो पालमपुर व सुलह में एसटी व ओबीसी फैक्टर को रिझाने का प्रयास 
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इन तीनों विधानसभा क्षेत्र में जातीय समीकरणों के अनुरूप आम जनमानस को लुभाने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री ने जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में दलित कार्ड खेलते हुए कहा कि 75 वर्ष के इतिहास में कांगड़ा से पहली बार किसी दलित को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने पालमपुर तथा सुलह विधानसभा क्षेत्र में अनुसूचित जनजाति तथा ओबीसी फैक्टर को रिझाने का प्रयास किया। उन्होंने पालमपुर में एसटी व ओबीसी भवनाें के निर्माण के लिए 2-2 करोड़ रुपए की धनराशि दिए जाने की घोषणा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News