सीएम सुक्खू का बड़ा बयान, बोले-सुधीर बागियों के सरगना, 15 करोड़ रुपए से अधिक मिले होंगे

punjabkesari.in Friday, Apr 05, 2024 - 05:35 PM (IST)

नादौन (जैन): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को बागी विधायकों और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर एक बार फिर हमला बोला। नादौन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मशाला के पूर्व विधायक सुधीर शर्मा बागियों के सरगना हैं, उन्हें 15 करोड़ रुपए से भी अधिक मिले होंगे। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए 6 पूर्व विधायकों के सभी कारनामे जनता की अदालत में सामने आएंगे। जिन्होंने आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है, उनके मामले भी खोले जाएंगे। इन लोगों ने अंतर्रात्मा की बजाय धन की आत्मा की आवाज सुनी। राज्यसभा चुनाव से पिछली रात सभी विधायकों ने उनके साथ डिनर किया तथा दूसरे दिन अपना जमीर बेच दिया। दुख इस बात का नहीं है कि उन्होंने वोट भाजपा प्रत्याशी को दिया, लेकिन बजट सत्र में इन लोगों ने भाग नहीं लिया। बजट जनता की भलाई के लिए होता है लेकिन इन लोगों ने उसमें भाग न लेकर जनता के साथ धोखा किया।

नोटों के दम पर सत्ता हथियाना चाह रहे जयराम
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर वोट के दम पर सरकार नहीं बना सके तो अब नोटों के दम पर सत्ता हथियाना चाह रहे हैं। जनता भाजपा को नकार चुकी है, यह बात जयराम ठाकुर को दिमाग में बिठा लेनी चाहिए। अन्य प्रदेशों में भाजपा ने नोटों के दम पर सत्ता हथियाई, वैसा ही हिमाचल में करना चाह रहे थे लेकिन भगवान हमारे साथ हैं और उन्होंने हमें जनता की सेवा का मौका दिया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि बिकाऊ को जनता कभी जिताऊ नहीं बनाएगी। बागी विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों में 300 से 400 करोड़ रुपए के काम हुए हैं। उनकी मर्जी के एसडीएम, बीडीओ, तहसीलदार, अधिशासी अभियंता और एसडीओ लगाए फिर भी ये लोग बिक गए।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News