Modi को जीत की बधाई देने कल दिल्ली जाएंगे CM जयराम, नवनिर्वाचित सांसदों को भी बुलावा

punjabkesari.in Friday, May 24, 2019 - 09:42 PM (IST)

शिमला: लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिले प्रचंड बहुमत के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देने के लिए नई दिल्ली रवाना होंगे। उनका शनिवार सुबह 11 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है। जानकारी के अनुसार इस दौरान मुख्यमंत्री भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भी मुलाकात कर सकते हैं, साथ ही प्रदेश में भाजपा को मिली रिकॉर्ड तोड़ जीत की विस्तृत जानकारी भी देंगे।

सरकारी स्तर पर अधिकारियों से चर्चा की संभावना

अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री के सरकारी स्तर पर भी अधिकारियों से चर्चा करने की संभावना है। मुख्यमंत्री सोमवार को वापस लौटेंगे तथा इसके बाद केंद्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए फिर से दिल्ली जा सकते हैं, साथ ही केंद्र में नई सरकार के गठन से पहले भाजपा आलाकमान ने प्रदेश के चारों नवनिर्वाचित सांसदों को भी दिल्ली बुलाया है। उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता मंत्रणा करेंगे।

जे.पी. नड्डा को अहम जिम्मेदारी मिलने की संभावना

लोकसभा चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश के प्रभारी के तौर पर बेहतर कार्य करने वाले केंद्रीय जगत प्रकाश नड्डा को इस बार भी अहम जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। इसके तहत अमित शाह के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने पर नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के विकल्प पर भी विचार किया जा सकता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष न बनाए जाने की स्थिति में उनको फिर से मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की पूरी संभावना है।

मंत्रिमंडल में स्थान पाने की दौड़ में अनुराग ठाकुर शामिल

इसके अलावा चौथी बार लोकसभा चुनाव जीते युवा सांसद अनुराग ठाकुर भी मंत्रिमंडल में स्थान पाने की दौड़ में शामिल है। प्रदेश में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी उनको अहम दायित्व देने की बात कही थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News