गृह मंत्री अमित शाह से मिलने दिल्ली पहुंचे सीएम जयराम, हिमाचल के इन मुद्दों पर की चर्चा

punjabkesari.in Saturday, Feb 29, 2020 - 10:17 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के पुत्र गिरीश के वैवाहिक समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने नई दिल्ली पहुंचे। सूत्रों के अनुसार इस दौरान उन्होंने प्रदेश में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार सहित सत्ता व संगठन से जुड़े अन्य विषयों को लेकर विस्तार से चर्चा की, ऐसे में मंत्री बनने की आस लगाए बैठे नेताओं के इंतजार की घड़ियां अब शीघ्र समाप्त हो सकती हैं।

जगत प्रकाश नड्डा से चर्चा कर चुके हैं मुख्यमंत्री

इससे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मंत्रिमंडल विस्तार सहित अन्य विषयों पर चर्चा कर चुके हैं। नड्डा से हुई इस चर्चा के बाद अमित शाह से हुई मुलाकात को सीधे तौर पर मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी स्पष्ट कर चुके हैं कि पार्टी आलाकमान की स्वीकृति के तुरंत बाद मंत्रिमंडल विस्तार कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा के बजट सत्र के बीच में यह मामला सिरे चढ़ सकता है।

प्रदेश मंत्रिमंडल में 3 मंत्रियों के पद खाली

मौजूदा समय में प्रदेश मंत्रिमंडल में 3 मंत्रियों के पद खाली हैं। इसके लिए सुखराम चौधरी, राकेश पठानिया, कर्नल इंद्र सिंह और नरेंद्र बरागटा के नाम चर्चा में हैं। हालांकि इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि जिस तरह से अंतिम समय में विधानसभा अध्यक्ष पद पर विपिन सिंह परमार की ताजपोशी हुई, उसी तरह से मंत्रिमंडल में भी कुछ नए चेहरे आ सकते हैं। इससे मंत्री पद की कुर्सी पक्की मान रहे कुछ नेताओं की उम्मीदों पर पानी फिर सकता है। मंत्रिमंडल विस्तार के अलावा मार्च में राज्यसभा की सीट के लिए भी चुनाव होना है। इस विषय पर भी मुख्यमंत्री की जगत प्रकाश नड्डा के बाद अमित शाह से चर्चा होने की सूचना है।

प्रदेश हित के अन्य विषयों पर भी चर्चा

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश हित से जुड़े कई अन्य विषयों को लेकर भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से चर्चा की है। इसके तहत उन्होंने प्रदेश को उदार वित्तीय मदद उपलब्ध करवाने के अलावा नए प्रोजैक्टों के लिए धन उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है।

एनडीआरएफ  को शीघ्र क्रियाशील करने की मांग

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से प्रदेश में एनडीआरएफ .बटालियन को शीघ्र क्रियाशील करने की मांग की। उन्होंने इसके लिए शीघ्र वित्तीय मदद उपलब्ध करवाने का आग्रह किया, ताकि इसे मानसून से पहले क्रियाशील किया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News