शिमला-चंडीगढ़ NH बंद होने से HRTC बसों में सफर हुआ महंगा, जानिए कितने % बढ़ गया किराया
punjabkesari.in Thursday, Aug 03, 2023 - 09:48 PM (IST)

शिमला (राजेश): शिमला-चंडीगढ़ सड़क मार्ग चक्की मोड़ परवाणू के समीप बाधित होने के बाद एचआरटीसी व प्राइवेट बसों में शिमला व दिल्ली का सफर भी महंगा हो गया। वैकल्पिक मार्गों से बसों को भेजे जाने से बसों के किलोमीटर भी बढ़ गए हैं। शिमला व दिल्ली की बसों में किराए में सीधे 20 प्रतिशत की बढ़ौतरी हो गई है, ऐसे में शिमला से चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों को अधिक किराया अदा करना पड़ रहा है। ऑर्डीनरी बसों में शिमला से चंडीगढ़ तक जाने में किराए में सीधे 70 रुपए की बढ़ौतरी हुई। शिमला से चंडीगढ़ पहले 250 रुपए किराया लगता था लेकिन वैकल्पिक मार्गों से होते हुए अब यह किराया 320 रुपए हो गया है।
शिमला से दिल्ली रूट पर किराए में 105 रुपए का अंतर
शिमला से दिल्ली रूट पर भी किराए में सीधा 105 रुपए का अंतर आया है। शिमला से दिल्ली रूट पर पहले 529 रुपए किराया होता था जबकि अब वैकल्पिक मार्ग होते हुए अब यह किराया 634 रुपए हो गया। निगम अधिकारियों का कहना है कि वैक ल्पिक मार्गों से भेजी जा रही बसों में 20 प्रतिशत अधिक किराया लिया जा रहा है क्योंकि वैकल्पिक मार्ग से होते हुए किलोमीटर भी बढ़ गए हैं। जब तक एनएच बहाल नहीं होता तब तक इसी तरह बसों को चंडीगढ़ व दिल्ली भेजा जाएगा।
शिमला-चंडीगढ़-शिमला के लिए इस वैकल्पिक मार्ग पर जा रही बसें
शिमला-चंडीगढ़ के वैकल्पिक मार्ग पर रूटों को क्लब कर बसें चलाई जा रही हैं। शिमला चंडीगढ़ के लिए शिमला-टुटू- जुब्बड्हट्टी-कुनिहार-नालागढ़-सिसवान होते हुए चंडीगढ़ पहुंच रही हैं, वहीं यही बसें वापस चंडीगढ़ से वापस शिमला इन्ही रूटों से वापस जा रही हैं और लोगों को सुविधा दी जा दी है। इसके अतिरिक्त पंजाब के अन्य रूटों पर भी इन्हीं रूटों से बसें भेजी जा रही हैं।
शिमला-दिल्ली-शिमला के लिए इन मार्गों से जा रही बसें
शिमला-दिल्ली-शिमला के लिए भी बसें वैकल्पिक मार्गों से चलाई जा रही हैं। दिल्ली रूट पर निगम कुमारहट्टी-नाहन-कालाअंब, शाहबाद होकर दिल्ली भेजी जा रही हैं। यह बसें भी क्लब होकर चलाई जा रही हैं। इन्हीं रूटों से ये बसें शिमला वापस आ रही हैं। शिमला व सोलन से सवारियां होने के बाद ही रूट पर बसें दिल्ली भेजी जा रही हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि जब तक एनएच बहाल नहीं होता या चक्की मोड़ पैदल मार्ग नहीं बनता। उस समय में इसी तरह बसों का संचालन होगा।
क्या बोले एचआरटीसी के एमडी
एचआरटीसी के एमडी रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि शिमला-चंडीगढ़ एनएच बाधित होने के कारण शिमला से दिल्ली व चंडीगढ़ के लिए वैकल्पिक मार्गों से बसें भेजी जा रही हैं। फिलहाल रूटों पर बसों को क्लब कर चलाया जा रहा है। इससे शिमला व चंडीगढ़ जाने वालों को सुविधा मिलती रहेगी। जैसी एनएच बहाल होता है व्यवस्था को बदला जाएगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here