Kangra: घर में घुसकर 2 भाइयों ने एक परिवार को दराट से हमला कर किया लहूलुहान
punjabkesari.in Monday, Oct 06, 2025 - 09:25 PM (IST)

भवारना: गत रात्रि लगभग 9 बजे दैहण पंचायत में एक घर में घुस कर 2 सगे भाइयों ने पारिवारिक सदस्यों पर दराट से हमला किया। जानकारी के अनुसार रात के समय 2 युवक सुरेश कुमार के घर पहुंचे। जैसे ही सुरेश की पत्नी सरोज ने दरवाजा खोला तो इन दोनों युवकों ने दराट से उसकी छाती पर प्रहार किया। उसके बाद सरोज के हाथ पर भी इन दोनों ने वार किया, जिससे उसकी उंगली हड्डी के साथ लटक गई। उसके बाद इन दोनों ने सुरेश और बेटे ऋषि और मनीष पर हमला कर दिया। सुरेश कुमार और उनके बेटों के सिर और बाजू पर इन दोनों ने कई प्रहार करके लहूलुहान कर दिया।
सभी घायलों को सिविल अस्पताल भवारना में लाकर उनका इलाज किया गया। इस घटना को अंजाम देने वालों की पहचान अनुराग और शेखर के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि इन दोनों की सुरेश के बेटों से दिन के समय लकड़ी काटते समय कहासुनी हुई थी। इस कारण इन दोनों ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों को कल न्यायालय में पेश किया जाएगा। एसएचओ भवारना गुरुदेव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों युवकों को कल न्यायालय में पेश किया जाएगा।