Kangra में 2 पैराग्लाइडिंग साइटों पर उड़ान भर रहे मानव परिंदे

punjabkesari.in Tuesday, Sep 30, 2025 - 04:02 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): बरसात का सीजन खत्म होते ही जिला कांगड़ा में पैराग्लाइडिंग गतिविधियों पर लगा प्रतिबंध 15 सितम्बर के बाद खत्म हो गया है, लेकिन अब भी जिला कांगड़ा में केवल 2 ही स्थानों पर पैराग्लाइडिंग गतिविधियां शुरू हो पाई हैं। जिला कांगड़ा में फिलहाल 4 पैराग्लाइडिंग साइट हैं जिसमें बीड़-बिलिंग, इंद्रुनाग, नरवाणा व बिल पट्टियां हैं। पैराग्लाइडिंग गतिविधियों पर प्रतिबंध हटाने से पहले पर्यटन विभाग व स्थानीय प्रशासन ने जिला की सभी पैराग्लाइडिंग साइटों का निरीक्षण किया था ताकि प्रतिबंध खत्म होने के बाद पैराग्लाइडिंग गतिविधियों को शुरू किया जा सके। बीड़ में पैराग्लाइडिंग के लिए पहले ही अनुमति विभाग ने दे दी थी, लेकिन बरसात में हुए अधिक नुक्सान के चलते इंद्रुनाग साइट में थोड़ा काम होने के बाद जिला पर्यटन विभाग व जिला प्रशासन ने उड़ानों के लिए अनुमति दे दी है। अनुमति मिलने के बाद फिलहाल जिला कांगड़ा की 2 ही साइटों पर पर्यटक पैराग्लाइडिंग गतिविधियां कर पाएंगे।

पर्यटक नहीं आने के चलते बिल पट्टियां में अभी तक नहीं हुई पैराग्लाइडिंग गतिविधियां शुरू
लगातार हो रही बरसात के चलते जिला कांगड़ा में पर्यटकों की आमद पर भी असर डाला है। बरसात खत्म होने के बाद भी अभी तक बाहरी राज्यों के पर्यटक यहां आने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं, जिसके चलते ज्वालामुखी की बिल पट्टियां पैराग्लाइडिंग साइट में अभी तक पैराग्लाइडिंग गतिविधियों को शुरू नहीं किया जा सका है। जिला पर्यटन विभाग के अधिकारियों की मानें तो प्रतिबंध हटने से पहले बिल पट्टियां साइट का भी निरीक्षण किया गया था, लेकिन पर्यटक नहीं होने के चलते उक्त साइट को अभी तक शुरू नहीं किया गया है तथा जैसे ही पर्यटकों का आगमन शुरू हो जाएगा, उक्त साइट पर मार्शलों की तैनाती कर दी जाएगी तथा पैराग्लाइडिंग गतिविधियों को भी शुरू कर दिया जाएगा।

नरवाणा साइट के लिए सेना से नहीं मिली अभी तक एनओसी
बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद 15 सितम्बर से पैराग्लाइडिंग गतिविधियां कई साइटों पर शुरू हो गई हैं, लेकिन अभी तक विभाग को नरवाणा साइट में गतिविधियों के आयोजन के लिए सेना से एनओसी नहीं मिली है। इस साइट के समीप सेना क्षेत्र होने के चलते इसको 3 वर्षाें के लिए अधिसूचित किया गया था, जिसकी समयावधि समाप्त हो चुकी है। इसके चलते विभाग ने दोबारा से एनओसी प्राप्त करने के लिए विभाग को पत्र लिखा है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि समय अधिक होने के चलते अब विभाग के अधिकारी खुद इस पर सेना के अधिकारियों से बात करेंगे।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कांगड़ा विनय धीमान का कहना है कि जिला की 2 पैराग्लाइडिंग साइटों पर पैराग्लाइडिंग गतिविधियों को शुरू कर दिया गया है। बिल पट्टियां में अभी तक पर्यटकों के न आने के चलते गतिविधियां शुरू नहीं की गई हैं। साथ ही नरवाणा साइट के लिए सेना की अनुमति नहीं मिलने के चलते अभी तक पैराग्लाइडिंग गतिविधियों को शुरू नहीं किया जा सका है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News